
वाराणसी। केंद्रीय रिजर्व पुलिस बल (सीआरपीएफ) की 95वीं बटालियन, पहाड़िया मंडी परिसर में सोमवार को 88वां स्थापना दिवस पूरे उत्साह और देशभक्ति के माहौल में मनाया गया। कार्यक्रम की शुरुआत देश की रक्षा में सर्वोच्च बलिदान देने वाले अमर शहीदों को श्रद्धांजलि अर्पित कर की गई।
समारोह के मुख्य अतिथि 95वीं बटालियन के कमांडेंट आर. एस. बालापुरकर ने शहीद स्मारक पर पुष्पचक्र अर्पित कर वीर जवानों को नमन किया। इस अवसर पर द्वितीय कमान अधिकारी राजेश कुमार एवं आलोक कुमार, उप कमांडेंट नवनीत कुमार और वीरेंद्र सिंह, वरिष्ठ चिकित्सा अधिकारी डॉ. रवि प्रकाश सुनकर, सहायक कमांडेंट रंजन कुमार और कृष्णा कुमार यादव सहित अन्य अधिकारी एवं जवान उपस्थित रहे।
जवानों को संबोधित करते हुए कमांडेंट आर. एस. बालापुरकर ने कहा कि सीआरपीएफ देश की सुरक्षा और आंतरिक शांति बनाए रखने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। उन्होंने जवानों के शौर्य, त्याग और कर्तव्यनिष्ठा की सराहना करते हुए कहा कि “हम सभी इस गौरवशाली बल का हिस्सा हैं और इस पर हम सभी को गर्व होना चाहिए।”
स्थापना दिवस के अवसर पर विभिन्न कंपनियों में खेलकूद प्रतियोगिताओं का आयोजन भी किया गया, जिसमें जवानों ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। कार्यक्रम के समापन पर बल के भोजनालय में पारंपरिक ‘बड़ा खाना’ का आयोजन किया गया, जहां अधिकारियों और जवानों ने एक साथ भोजन कर आपसी भाईचारे और एकजुटता का संदेश दिया।



