श्रावण के पहले दिन बाबा विश्वनाथ के दरबार में उमड़ा आस्था का सैलाब

वाराणसी। श्रावण के पहले दिन बाबा श्री काशी विश्वनाथ के दर्शन के लिए गुरुवार को आस्था का जनसैलाब उमड़ पड़ा। तड़के मंगला आरती के बाद से ही श्रद्धालुओं की लंबी कतारें धाम में लगनी शुरू हो गईं और देर शाम तक दर्शन-पूजन का सिलसिला जारी रहा। देश-विदेश से आए श्रद्धालुओं ने जलाभिषेक कर भगवान विश्वेश्वर का आशीर्वाद प्राप्त किया।

मंदिर प्रशासन ने श्रावण माह में श्रद्धालुओं की भारी भीड़ को देखते हुए व्यापक इंतजाम किए हैं। दर्शन व्यवस्था को सुचारु बनाए रखने के लिए सभी प्रवेश और निकास मार्गों पर प्रशिक्षित कर्मचारियों की तैनाती की गई है। श्रद्धालुओं को कतारबद्ध एवं सुगम दर्शन कराने के लिए विशेष प्रबंध किए गए हैं।

श्रद्धालुओं की सुरक्षा और स्वास्थ्य को ध्यान में रखते हुए धाम परिसर में चिकित्सक, पैरामेडिकल स्टाफ, एंबुलेंस और प्राथमिक उपचार की व्यवस्था की गई है। इसके अलावा विभिन्न स्थानों पर शुद्ध पेयजल, ग्लूकोज, ओआरएस और विश्राम की सुविधाएं भी उपलब्ध कराई गई हैं, ताकि दर्शनार्थियों को किसी प्रकार की परेशानी का सामना न करना पड़े।

मंदिर प्रशासन ने बताया कि श्रावण माह के दौरान संभावित भीड़ को देखते हुए नियंत्रण कक्ष से पूरे परिसर की लगातार निगरानी की जा रही है। आवश्यकता पड़ने पर त्वरित निर्णय लेकर व्यवस्थाओं को और प्रभावी बनाया जा रहा है।

श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास ने श्रद्धालुओं से अपील की है कि वे प्रशासन द्वारा जारी दिशा-निर्देशों का पालन करें, धैर्य एवं अनुशासन बनाए रखें और सुरक्षित व सुगम दर्शन व्यवस्था में सहयोग करें। मंदिर प्रशासन ने कहा कि पूरे श्रावण माह में प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित, व्यवस्थित और दिव्य दर्शन का अनुभव कराने के लिए सभी आवश्यक व्यवस्थाएं सुनिश्चित की गई हैं।

Related Articles

Back to top button