
मथौली बाजार(कुशीनगर)। तहसील हाटा क्षेत्र के मोतीचक ब्लाक क्षेत्र में लगभग 100 एकड़ सरकारी भूमि को चिन्हित किया गया है। इस जमीन पर हुए फर्जी इंद्राज को हटाकर इसका उपयोग सरकारी विकास परियोजनाओं के लिए किया जाएगा। शनिवार को जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने ग्राम पट्टन व सोनबरसा में संभावित परियोजना स्थल का स्थलीय निरीक्षण किया। हाटा एसडीएम योगेश्वर सिंह ने बताया कि संबंधित राजस्व अधिकारियों को अभिलेखों की गहन जांच कराने और मौके पर सीमांकन कराने के निर्देश दिए। साथ ही सरकारी भूमि पर किसी भी प्रकार के अवैध कब्जे को तत्काल हटाने के भी निर्देश दिए गए। जांच में पाया गया कि चिन्हित की गई भूमि पर वर्षों से फर्जी तरीके से इंद्राज दर्ज थे। जांच के बाद इन इंद्राजों को निरस्त कर जमीन को सरकारी अभिलेखों में दर्ज कराया जाएगा। इसके बाद इस भूमि का उपयोग शिक्षा, स्वास्थ्य और अन्य जनकल्याणकारी परियोजनाओं के लिए किया जाएगा। जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर ने कहा कि ने कहा कि सरकारी भूमि को बचाना और उसका सदुपयोग करना शासन की प्राथमिकता है। इसमें किसी भी प्रकार की लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी।


