
लखनऊ। राजधानी लखनऊ में समाजवादी पार्टी के युवा संगठनों से जुड़े कार्यकर्ताओं ने पेट्रोल में कथित मिलावट और ई-20 ईंधन को लेकर हजरतगंज चौराहे पर प्रदर्शन किया। इस दौरान कार्यकर्ताओं ने सरकार के खिलाफ नारेबाजी करते हुए आम लोगों को होने वाली परेशानियों और बढ़ते आर्थिक बोझ का मुद्दा उठाया।प्रदर्शन के दौरान पुलिस ने मौके पर पहुंचकर प्रदर्शनकारियों को वहां से हटाया। आरोप है कि पुलिस ने प्रदर्शनकारियों के साथ जोर-जबरदस्ती की और कई कार्यकर्ताओं को बसों में बैठाकर इको गार्डन, लखनऊ ले जाया गया। इसके बाद भी कार्यकर्ताओं ने सरकार की नीतियों के विरोध में नारेबाजी जारी रखी।प्रदर्शनकारियों का कहना था कि पेट्रोल की गुणवत्ता और ई-20 ईंधन को लेकर वाहन चालकों एवं आम उपभोक्ताओं के बीच कई तरह के सवाल और चिंताएं हैं। उनका कहना था कि सरकार को जनता की समस्याओं और वाहन चालकों की शिकायतों को गंभीरता से लेते हुए इस संबंध में स्पष्ट और पारदर्शी नीति बनानी चाहिए।कार्यकर्ताओं ने कहा कि ईंधन से जुड़े फैसलों का सीधा असर आम लोगों की जेब और वाहनों पर पड़ता है। ऐसे में सरकार को उपभोक्ताओं की चिंताओं को दूर करने के लिए आवश्यक कदम उठाने चाहिए।प्रदर्शन में समाजवादी लोहिया वाहिनी के राष्ट्रीय उपाध्यक्ष राज साहनी, समाजवादी छात्र सभा के प्रदेश उपाध्यक्ष इंजीनियर अभिषेक यादव समेत राम प्रकाश मौर्य, आनंद यादव, दीपक छतवारा, दीपू, महेश यादव, मुकेश कुमार गौतम, अनुराग चौधरी, प्रवेश यादव, दारा सिंह, बंशीधर सोनू, आशुतोष तिवारी, प्रवेश कुमार, धर्मेंद्र गोलू, संदीप यादव मलू, गणेश, हर्षित मिश्रा, शिवशंकर लोधी, नागेंद्र लोधी, प्रो. अनिल यादव, विजय कुमार गौतम, चंद्रमा पाल, दीपक मौर्या सहित बड़ी संख्या में कार्यकर्ता मौजूद रहे।



