वाराणसी। वाराणसी में पुलिस विभाग को जल्द ही आधुनिक सुविधाओं से लैस नया पुलिस मुख्यालय मिलेगा। करीब 78 करोड़ रुपये की लागत से प्रस्तावित नवीन पुलिस मुख्यालय भवन के निर्माण कार्य का गुरुवार को प्रदेश सरकार के स्टाम्प एवं न्यायालय पंजीयन शुल्क राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) रविन्द्र जायसवाल ने भूमि पूजन किया।
राज्यमंत्री ने कहा कि नए पुलिस मुख्यालय के निर्माण से पुलिस विभाग को आधुनिक एवं बेहतर कार्य सुविधाएं मिलेंगी। भवन को वर्तमान आवश्यकताओं के अनुरूप विकसित किया जाएगा, जिसमें अधिकारियों और कर्मचारियों के लिए जरूरी आधुनिक व्यवस्थाएं उपलब्ध रहेंगी। परिसर में राजपत्रित अधिकारियों के लिए आवासीय भवन भी बनाए जाएंगे।
उन्होंने कहा कि नए मुख्यालय से पुलिस विभाग के प्रशासनिक एवं विभागीय कार्य अधिक व्यवस्थित और सुविधाजनक तरीके से संचालित हो सकेंगे। आधुनिक सुविधाओं से पुलिस अधिकारियों और कर्मचारियों को बेहतर कार्य वातावरण मिलने की उम्मीद है।
भूमि पूजन के दौरान राज्यमंत्री ने कार्यदाई संस्था के अभियंताओं को निर्देश दिया कि निर्माण कार्य निर्धारित मानकों और गुणवत्ता के अनुरूप समयबद्ध तरीके से पूरा किया जाए। उन्होंने स्पष्ट कहा कि निर्माण कार्य में किसी भी स्तर पर लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
कार्यक्रम में पुलिस कमिश्नर मोहित अग्रवाल, एसीपी शिवहरि मीणा समेत पुलिस विभाग के वरिष्ठ अधिकारी एवं कर्मचारी मौजूद रहे।



