हाईवे पर मौत की टक्कर, बाइक सवार युवक की दर्दनाक मौत

रॉन्ग साइड से आ रहे बाइक सवार को तेज रफ्तार ट्रक ने मारी टक्कर, अस्पताल पहुंचते ही तोड़ा दम

इटावा । इकदिल थाना क्षेत्र के हाईवे पर देर रात तेज रफ्तार ट्रक की टक्कर से बाइक सवार युवक की दर्दनाक मौत हो गई। हादसा इतना भीषण था कि टक्कर लगते ही बाइक सवार उछलकर सड़क पर जा गिरा और गंभीर रूप से घायल हो गया। दुर्घटना के बाद चालक ट्रक लेकर मौके से फरार हो गया।

जानकारी के अनुसार फूफई की ओर से आ रहा बाइक सवार हाईवे पर रॉन्ग साइड में पहुंच गया। इसी दौरान सामने से तेज रफ्तार में आ रहे अज्ञात ट्रक ने बाइक में जोरदार टक्कर मार दी। हादसे की आवाज सुनकर आसपास मौजूद लोगों में अफरा-तफरी मच गई।

सूचना मिलते ही 112 पीआरवी और इकदिल थाना पुलिस मौके पर पहुंच गई। पुलिस ने गंभीर रूप से घायल युवक को तत्काल इकदिल पुलिस की हाईवे-5 गाड़ी से जिला अस्पताल पहुंचाया। वहां चिकित्सकों ने जांच के बाद उसे मृत घोषित कर दिया।

मृतक की पहचान रविंद्र कुमार पुत्र ब्रजेश कुमार निवासी ग्राम केस्त, थाना जसवंतनगर के रूप में हुई। युवक की मौत की खबर घर पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। परिवार के लोगों का रो-रोकर बुरा हाल हो गया।

पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम समेत आवश्यक कार्रवाई शुरू कर दी है। वहीं हादसे के बाद फरार ट्रक और उसके चालक की तलाश की जा रही है। पुलिस हाईवे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज खंगालकर दुर्घटना में शामिल ट्रक की पहचान करने में जुटी है।

 

ब्यूरो रिपोर्ट :आशुतोष बाजपेई इटावा

Related Articles

Back to top button