मुनादी हुई, उद्घोषणा भी हुई, फिर भी घर से गायब मिला वांछित।

न्यायालय के आदेश पर सेवरही पुलिस ने धुरिया इमिलिया गांव में कराई मुनादी, परिजनों को दी उद्घोषणा की जानकारी।

सेवरही (कुशीनगर)। लूट के मामले में वांछित चल रहे आरोपी की गिरफ्तारी के लिए सेवरही पुलिस ने न्यायालय के आदेश पर उसके घर दबिश दी, लेकिन आरोपी मौके पर नहीं मिला। इसके बाद पुलिस ने न्यायालय द्वारा जारी उद्घोषणा के अनुपालन में गांव में मुनादी कराकर लोगों को इसकी जानकारी दी।

पुलिस के अनुसार उपनिरीक्षक राम सिंह, महिला कांस्टेबल पूजा यादव और कांस्टेबल गिरीश चन्द गौड़ की टीम ने मुकदमा अपराध संख्या 165/26 में वांछित आरोपी सोनू गुप्ता पुत्र द्वारिका मद्धेशिया, निवासी धुरिया इमिलिया, थाना सेवरही के घर दबिश दी। आरोपी के विरुद्ध धारा 115(2), 352, 351(3), 309(4), 317(2) व 3(5) बीएनएस के तहत मुकदमा दर्ज है।

पुलिस टीम के पहुंचने पर आरोपी घर पर मौजूद नहीं मिला। मौके पर उसके पिता द्वारिका मद्धेशिया और बहन चुलबुली मद्धेशिया मौजूद थीं। पुलिस ने उन्हें न्यायालय द्वारा जारी उद्घोषणा, धारा 84 बीएनएसएस के संबंध में जानकारी दी।

इसके बाद पुलिस टीम ने धुरिया इमिलिया गांव में मुनादी कराकर न्यायालय की उद्घोषणा को सार्वजनिक कराया। पुलिस के मुताबिक आरोपी लूट के मामले में वांछित है और उसकी गिरफ्तारी के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। कार्रवाई के दौरान गांव के कई लोग भी मौके पर मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button