पानी में डूबने से 21 वर्षीय युवक की मौत | पैर फिसलने से गहरे पानी में गिरा युवक, परिजनों में मचा कोहराम

सेवरही। कुशीनगर | तरयासुजान थाना क्षेत्र के जवही मलही मुस्तकिल गांव में रविवार को शौच के लिए गए एक युवक की गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई। हादसे की जानकारी मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई। युवक की मौत से परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।

जानकारी के अनुसार गांव निवासी फुलेश (21) पुत्र किशनाथ शौच के लिए जवही मलही एहतमाली में बन रहे पुल के पास गया था। इसी दौरान अचानक उसका पैर फिसल गया और वह पुल के पास गहरे पानी में जा गिरा। पानी अधिक गहरा होने के कारण वह बाहर नहीं निकल सका और डूबने से उसकी मौत हो गई। घटना की सूचना मिलते ही तरयासुजान पुलिस मौके पर पहुंची और ग्रामीणों की मदद से युवक के शव को पानी से बाहर निकलवाया। पुलिस ने शव को कब्जे में लेकर पंचनामा भरने के बाद पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया।

हादसे के बाद गांव में मातम छा गया। परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है। मौके पर प्रधान प्रतिनिधि रितेश गुप्ता, सतीश गुप्ता, विमलेश राय, विजय ब्याहुत, हल्का लेखपाल लालजी त्रिवेदी समेत बड़ी संख्या में ग्रामीण और पुलिसकर्मी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button