सऊदी के रियाद में अनवर की गला रेतकर हत्या,गांव में पसरा मातम | 30 वर्षों से सऊदी में रहकर परिवार का चला रहे थे खर्च।

रामकोला (कुशीनगर)। सऊदी अरब की राजधानी रियाद में रामकोला थाना क्षेत्र के रोवारी गांव निवासी अनवर की गला रेतकर हत्या कर दी गई। घटना की जानकारी मिलते ही गांव में मातम पसर गया। घर पर परिजनों की चीख-पुकार सुनकर ग्रामीणों की भीड़ जुट गई।
बताया जा रहा है कि अनवर करीब 30 वर्षों से सऊदी अरब में रहकर बोल्डर चलाने का काम करते थे। वह परिवार के इकलौते कमाने वाले सदस्य थे और विदेश में रहकर मिलने वाली आय से परिवार का भरण-पोषण करते थे। उनकी मौत के बाद परिवार के सामने आर्थिक संकट खड़ा हो गया है। परिजनों के मुताबिक सैलरी को लेकर हुए विवाद के बाद अनवर की हत्या किए जाने की आशंका है। हालांकि हत्या की वास्तविक वजह अभी स्पष्ट नहीं हो सकी है। घटना के बाद सऊदी पुलिस ने एक पाकिस्तानी नागरिक को हिरासत में लेकर पूछताछ शुरू कर दी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। अनवर की मौत की खबर भारत पहुंचते ही परिजनों में कोहराम मच गया। ग्रामीण भी बड़ी संख्या में उनके घर पहुंचकर परिवार को ढांढस बंधा रहे हैं। परिजनों ने शव को भारत लाकर अंतिम संस्कार कराने के लिए प्रयास शुरू कर दिए हैं। इसके लिए संबंधित अधिकारियों और सऊदी अरब में मौजूद परिचितों से संपर्क किया जा रहा है। परिजनों ने सरकार से अनवर का शव जल्द भारत लाने में सहयोग की मांग की है। लंबे समय से विदेश में रहकर परिवार की जिम्मेदारी उठाने वाले अनवर की मौत से परिजन सदमे में हैं।

Related Articles

Back to top button