हाटा (कुशीनगर)। स्थानीय तहसील सभागार में आज उपजिलाधिकारी/ज्वाइंट मजिस्ट्रेट मयंक त्रिपाठी ने पत्रकारों से संवाद कर तहसील क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं की जानकारी ली और उनके समाधान को लेकर सुझाव भी प्राप्त किए। पत्रकारों ने नगर की प्रमुख समस्याओं को विस्तार से उनके समक्ष रखा, जिस पर उन्होंने शीघ्र कार्रवाई का भरोसा दिलाया। वार्ता के दौरान कप्तानगंज चौक स्थित अंडरपास पर फल व्यवसायियों द्वारा किए गए अतिक्रमण का मुद्दा प्रमुखता से उठाया गया। अतिक्रमण के कारण छोटे-बड़े वाहनों के आवागमन के साथ पैदल राहगीरों को भी परेशानी का सामना करना पड़ रहा है। इस पर ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने दो दिन के भीतर समस्या के समाधान का आश्वासन दिया।
इसके अलावा नगर में दिन के समय बड़े वाहनों के प्रवेश तथा मुख्य बाजार की पटरियों और सड़क तक दुकानदारों द्वारा सामान फैलाकर किए जा रहे अतिक्रमण की समस्या भी सामने रखी गई। केन यूनियन चौक, मुख्य बाजार, गौरी तिराहा, रजिस्ट्री तिराहा और गोरखपुर चौराहा सहित प्रमुख स्थानों पर अतिक्रमण के कारण यातायात प्रभावित होने की जानकारी दी गई। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने मामले में आवश्यक कार्रवाई के निर्देश देने की बात कही। आगामी दुर्गा पूजा को देखते हुए बाजार में स्थापित होने वाली दुर्गा प्रतिमाओं के कारण संकरी होने वाली सड़कों पर पर्याप्त पुलिस बल और वालेंटियर तैनात किए जाने की बात कही गई, ताकि श्रद्धालुओं को दर्शन के दौरान किसी प्रकार की परेशानी न हो। दुर्गा प्रतिमाओं के विसर्जन के दौरान नगर में उमड़ने वाली भीड़ और यातायात व्यवस्था का मुद्दा भी उठाया गया। इसके साथ ही ओवरब्रिज निर्माण के चलते विसर्जन के समय संभावित समस्याओं से भी प्रशासन को अवगत कराया गया। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने एनएचएआई के अधिकारियों के साथ बैठक कर समस्या का स्थायी समाधान निकालने का भरोसा दिलाया। तहसील और अस्पताल परिसर के आसपास लोग मोटरसाइकिल खड़ी कर घंटों बाजार में चले जाते हैं। इससे एंबुलेंस सहित अन्य आपातकालीन वाहनों के आवागमन में बाधा उत्पन्न होती है। इस समस्या को भी दुरुस्त करने की बात कही।नगर की सफाई व्यवस्था और फॉगिंग की समस्या के संबंध में उपजिलाधिकारी ने नगर पालिका के माध्यम से आवश्यक कार्रवाई कराने की बात कही। उपजिलाधिकारी/ज्वाइंट मजिस्ट्रेट ने बताया कि वर्तमान समय में जन्म एवं मृत्यु पंजीकरण एक महत्वपूर्ण समस्या के रूप में सामने आ रहा है। नगर पालिका और तहसील स्तर से दो वर्ष के भीतर के जन्म एवं मृत्यु पंजीकरण की प्रक्रिया कराई जा रही है, जिससे लोगों को आवश्यक दस्तावेज उपलब्ध कराने में सुविधा मिल सके। उन्होंने बताया कि तहसील क्षेत्र के हाटा, सुकरौली और मोतीचक विकासखंडों में सफाई व्यवस्था को और प्रभावी बनाने की दिशा में कार्य किया जा रहा है। आरआरसी सेंटरों और सफाई कार्यों में स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी स्वच्छता वीरांगना महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित की जाएगी। इसके लिए उन्हें परिचय पत्र जारी कर स्वच्छता अभियान को व्यवस्थित एवं प्रभावी बनाया जाएगा। ज्वाइंट मजिस्ट्रेट मयंक त्रिपाठी ने पत्रकारों से अपील किया कि तहसील क्षेत्र की किसी भी जनसमस्या की जानकारी तत्काल प्रशासन को उपलब्ध कराएं, ताकि उसका समयबद्ध ढंग से समाधान कराया जा सके।



