निपुण लक्ष्य के लिए नियमित आकलन और उपचारात्मक शिक्षण पर जोर

सेवरही, कुशीनगर। परिषदीय विद्यालयों में शिक्षण को प्रभावी बनाने और निपुण लक्ष्य हासिल करने के लिए शुक्रवार को एसआरजी राम प्रकाश पांडेय ने सेवरही नगर के विद्यालयों का अनुश्रवण किया।

उन्होंने प्राथमिक विद्यालय साहेबगंज और कंपोजिट विद्यालय साहेबगंज में शिक्षण गतिविधियों का जायजा लिया। इस दौरान शिक्षकों को निर्देश दिया कि निपुण प्लस एप से हर माह सभी बच्चों का आकलन करें और डाटा पोर्टल पर सिंक करना सुनिश्चित करें। निपुण सूची में निर्धारित दक्षताओं का नियमित अभ्यास और कार्यपुस्तिकाओं की जांच कर बच्चों को सुधारात्मक सुझाव देने को कहा।

एसआरजी ने कहा कि कक्षा 1 से 5 तक सभी विद्यालयों में निपुण लक्ष्य प्रदर्शित किए जाएं। कैच कार्यक्रम नियमित चलाएं और पिछड़ रहे बच्चों के लिए रोज 20 मिनट उपचारात्मक शिक्षण कराएं। प्रत्येक बच्चे का होलिस्टिक रिपोर्ट कार्ड भरकर अभिभावकों को अवगत कराएं।

उन्होंने विभागीय शिक्षण सामग्री और टीएलएम के प्रयोग से शिक्षण को रुचिकर बनाने और शिक्षकों को अपने नवाचार उद्गम पोर्टल पर अपलोड करने के लिए प्रेरित किया।

Related Articles

Back to top button