कप्तानगंज (कुशीनगर)।तहसील सभागार में मतदाता नामावलियों के विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2026 को लेकर बीएलओ एवं बीएलओ सुपरवाइजरों का प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। उपजिलाधिकारी आकांक्षा मिश्रा के निर्देश पर आयोजित किया गया।जिसमे चार चरणों में जिम्मेदारो को प्रशिक्षण में निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप मतदाता सूची से संबंधित कार्यों को संपन्न कराने का निर्देश दिया गया।
प्रशिक्षण के दौरान विशेष संक्षिप्त पुनरीक्षण-2026 की प्रक्रिया के साथ डेमोग्राफिकल एंट्रीज के निस्तारण के विभिन्न पहलुओं को विस्तार से समझाया गया। अधिकारियों ने बीएलओ को मतदाता सूची में दर्ज प्रविष्टियों की जांच, संबंधित विसंगतियों के निस्तारण तथा निर्वाचन संबंधी दायित्वों का गंभीरता से निर्वहन करने के निर्देश दिए। साथ ही सभी कार्य निर्धारित समयसीमा के भीतर पारदर्शिता के साथ पूरा करने पर जोर दिया गया।
प्रशिक्षण कार्यक्रम चार पालियों में आयोजित किया गया। प्रथम एवं द्वितीय पाली में बूथ संख्या 1 से 200 तक के बीएलओ और सुपरवाइजरों को प्रशिक्षण दिया गया, जबकि तृतीय एवं चतुर्थ पाली में बूथ संख्या 201 से 399 तक के कार्मिकों को प्रशिक्षित किया गया। इसमें कप्तानगंज, रामकोला और मोतीचक क्षेत्र के संबंधित बीएलओ एवं सुपरवाइजर शामिल हुए।प्रशासन की ओर से स्पष्ट किया गया कि निर्वाचन संबंधी कार्य अत्यंत महत्वपूर्ण एवं संवेदनशील है। मतदाता सूची की शुद्धता बनाए रखने के लिए सभी कर्मचारियों को निर्वाचन आयोग के निर्देशों का अक्षरशः पालन करना होगा। कार्य में किसी भी प्रकार की लापरवाही या शिथिलता बर्दाश्त नहीं की जाएगी।
इस अवसर पर वीआरसी भरत, सुपरवाइजर आशुतोष कुशवाहा, सुरेंद्र प्रजापति, सुबोध गौतम, संगम प्रसाद सहित बीएलओ सुमन देवी, उपेंद्र, अमरजीत आदि मौजूद रहे।



