जय श्रीराम के उद्घोष से गूंजा रामकोला, धूमधाम से संपन्न हुआ दशहरा मेला

रामकोला/कुशीनगर। विजयादशमी के अवसर पर मंगलवार की रात रामकोला नगर में परंपरागत दशहरा मेला आस्था, भक्ति और उल्लास के माहौल में संपन्न हुआ। नगर के विभिन्न हिस्सों में सजे पंडालों और आकर्षक झांकियों को देखने के लिए देर रात तक लोगों की भीड़ उमड़ती रही। पुरानी बाजार स्थित प्रसिद्ध नवलखा दुर्गा पंडाल श्रद्धालुओं के आकर्षण का प्रमुख केंद्र रहा। यहां मां भगवती के दर्शन के लिए बड़ी संख्या में श्रद्धालु पहुंचे।नवलखा दुर्गा पंडाल को आकर्षक ढंग से सजाया गया था। पंडाल की व्यवस्था में पवन मद्धेशिया, अमन, सुमित, प्रदीप वर्मा, रिंकू, रौनक, कृष्णा और चंदन आदि सक्रिय रहे। वहीं कसया रोड पर आयोजित विशाल भंडारे में भक्तों को पूड़ी-सब्जी और हलवा का प्रसाद वितरित किया गया। महेश वर्मा, सुधीर, दिनेश, अर्जुन, सोनू और नितेश सहित अन्य लोगों ने व्यवस्था संभाली। भंडारे में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने प्रसाद ग्रहण किया।

श्रीराम महोत्सव कमेटी की ओर से मथुरा नगर से कांशीराम आवास तक भव्य शोभायात्रा निकाली गई। शोभायात्रा में प्रभु श्रीराम, मां काली और महादेव की सजीव झांकियां लोगों के आकर्षण का केंद्र रहीं। पारंपरिक नगाड़े और कांतारा नृत्य ने भी लोगों का खूब ध्यान खींचा। शोभायात्रा के दौरान पूरा नगर धार्मिक उत्साह से सराबोर नजर आया।

मेले में कुशीनगर सांसद विजय दुबे, विधायक विनय गौड़ और चेयरमैन प्रतिनिधि सतीश चौधरी भी पहुंचे। उन्होंने मां भगवती के दर्शन कर श्रद्धालुओं को दशहरा पर्व की शुभकामनाएं दीं।रात में जय श्रीराम के उद्घोष के बीच रावण, कुंभकर्ण और मेघनाद के पुतलों का दहन किया गया। पुतलों के दहन के साथ ही बुराई पर अच्छाई की जीत का संदेश गूंज उठा। इस दौरान बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे। आयोजन को सफल बनाने में मुख्य आयोजक प्रदीप जायसवाल के साथ अभिनव, उमाशंकर, राजू, दिवेश, विशाल सहित श्रीराम महोत्सव कमेटी के सदस्यों ने सक्रिय भूमिका निभाई। सुरक्षा और व्यवस्था को लेकर भी आयोजकों तथा प्रशासन की ओर से आवश्यक इंतजाम किए गए थे।

Related Articles

Back to top button