अखाड़े में पहलवानों ने दिखाया दमखम, दांव-पेच से दर्शकों को किया रोमांचित

देवपोखर के पारंपरिक दंगल में एक-दूसरे को पटखनी देने के लिए भिड़े नामी पहलवान, मन्नू समेत कई पहलवानों ने मारी बाजी

फाजिलनगर (कुशीनगर) |शारदीय पूर्णिमा के अवसर पर देवपोखर बाजार में आयोजित पारंपरिक दंगल में पहलवानों ने अपने दमखम, फुर्ती और कुश्ती के हुनर का ऐसा प्रदर्शन किया कि अखाड़े के चारों ओर जुटे दर्शक रोमांचित हो उठे। किसी ने प्रतिद्वंद्वी को चित करने के लिए जोर लगाया तो किसी ने अपने सधे हुए दांव-पेच से बाजी पलट दी। हर मुकाबले के साथ दर्शकों का उत्साह बढ़ता रहा और अखाड़ा तालियों व जयकारों से गूंजता रहा।

दूर-दराज से आए पहलवानों के बीच हुए मुकाबलों में जीत के लिए जोरदार संघर्ष देखने को मिला। पहलवानों ने अपनी शारीरिक क्षमता, फुर्ती और तकनीक का परिचय देते हुए प्रतिद्वंद्वियों को चुनौती दी। पारंपरिक दंगल ने एक बार फिर ग्रामीण अंचल में कुश्ती के प्रति लोगों के लगाव और इस प्राचीन खेल की लोकप्रियता को सामने रखा।

कार्यक्रम के मुख्य अतिथि क्षेत्रीय विधायक सुरेंद्र कुमार कुशवाहा ने कहा कि कुश्ती भारतीय संस्कृति की प्राचीन कला और गौरवशाली धरोहर है। ऐसे आयोजन पारंपरिक खेलों को जीवंत बनाए रखने के साथ युवाओं में शारीरिक क्षमता, अनुशासन और खेल भावना का विकास करते हैं। विशिष्ट अतिथि पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य फूलबदन कुशवाहा और भाजपा गोरखपुर क्षेत्र के क्षेत्रीय उपाध्यक्ष राधेश्याम पांडेय ने कहा कि कुश्ती तन और मन को स्वस्थ रखने वाला खेल है। ऐसे आयोजनों से ग्रामीण प्रतिभाओं को अपनी क्षमता दिखाने का अवसर मिलता है।

दंगल के मुकाबलों में मन्नू ने टाइगर, प्रद्युम्न ने महफूज, सत्येंद्र ने मन्नान, नीरज ने जाहिद, छोटू ने पवन, मुकेश ने रितेश तथा बुल्ला ने रोहित को पटखनी दी। पहलवानों के बीच हुए इन मुकाबलों ने दर्शकों को खूब रोमांचित किया।कार्यक्रम की अध्यक्षता भाजपा जिलाध्यक्ष दुर्गेश राय ने की। जिला पंचायत सदस्य अमरेश यादव, भाजपा नेता सत्यम शुक्ला, सपा नेता राजेश्वर सिंह और धर्मेंद्र श्रीवास्तव ने भी संबोधित किया। रेफरी की भूमिका मायाशंकर यादव, मस्तराज यादव और प्रमोद यादव ने निभाई, जबकि संचालन मनोज तिवारी ने किया।

आयोजक ग्राम प्रधान एवं प्रशासक रुद्र प्रताप उर्फ मुन्ना सिंह ने अतिथियों और उपस्थित लोगों के प्रति आभार व्यक्त किया। इस दौरान भोलानाथ सिंह, राम ईश्वर सिंह, कमलेश सिंह, रामप्रवेश सिंह, अनिल प्रजापति, रामनारायण सिंह, राहुल यादव, परशुराम सिंह, कमल नयन सिंह, अभिषेक सिंह, प्रभाकर पांडेय, हैप्पी प्रसाद, अभिमन्यु सिंह, रमाकांत मौर्य, दुर्गेश सिंह, अर्जुन प्रसाद और राकेश श्रीवास्तव सहित बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button