98वें ऐतिहासिक मठिया मेले में गूंजी जय श्रीराम की जयकार

श्रवण कुमार की कथा ने श्रद्धालुओं को किया भावुक

खड्डा/कुशीनगर। विकास खंड खड्डा के मठिया बुजुर्ग गांव में आयोजित 98वें ऐतिहासिक मठिया मेले में रविवार को रामलीला के दूसरे दिन श्रवण कुमार की मार्मिक कथा और भगवान श्रीराम के जन्म का भावपूर्ण मंचन किया गया। जय मां सरस्वती आदर्श रामलीला मंडल परिवार, ठूठीबारी (महराजगंज) के कलाकारों ने अपने सजीव अभिनय से दर्शकों को भावविभोर कर दिया। रामलीला परिसर जय श्रीराम के उद्घोष से गूंज उठा और पूरा वातावरण भक्तिमय हो गया।

कार्यक्रम का शुभारंभ कुशीनगर के सांसद विजय कुमार दूबे, खड्डा विधायक विवेकानन्द पाण्डेय एवं वरिष्ठ भाजपा नेता सत्यकाम पाण्डेय, खड्डा के चेयरमैन प्रतिनिधि दुर्गेश वर्मा ने फीता काटकर किया। इस दौरान अतिथियों का स्वागत किया गया। रामलीला के माध्यम से कलाकारों ने सनातन संस्कृति, धार्मिक आस्था और भारतीय परंपराओं के संरक्षण का संदेश दिया। रामलीला के दौरान श्रवण कुमार की कथा का मार्मिक मंचन किया गया। प्रसंग में दिखाया गया कि अयोध्या के राजा दशरथ वन में शिकार खेलने जाते हैं। इसी दौरान जल भर रहे श्रवण कुमार को पशु समझकर वे शब्दभेदी बाण चला देते हैं, जिससे श्रवण कुमार घायल हो जाते हैं। इस हृदयस्पर्शी दृश्य ने दर्शकों को भावुक कर दिया। कथा के माध्यम से माता-पिता की सेवा, आज्ञापालन, त्याग और कर्तव्यनिष्ठा का संदेश दिया गया। इसके बाद भगवान श्रीराम के जन्म की लीला का मंचन हुआ। प्रभु श्रीराम के प्राकट्य का दृश्य देखते ही श्रद्धालुओं में उत्साह और भक्ति का संचार हो गया। दर्शकों ने जय श्रीराम के जयघोष के साथ अपनी श्रद्धा व्यक्त की। कलाकारों की प्रभावशाली प्रस्तुति ने रामकथा के धार्मिक और आध्यात्मिक महत्व को जीवंत कर दिया।इस अवसर पर विधायक विवेकानन्द पाण्डेय ने कहा कि रामलीला हमारी सनातन संस्कृति, धार्मिक आस्था और भारतीय संस्कारों की अमूल्य धरोहर है। भगवान श्रीराम का जीवन मर्यादा, त्याग, सेवा, कर्तव्यनिष्ठा और आदर्श आचरण की प्रेरणा देता है। ऐसे धार्मिक एवं सांस्कृतिक आयोजन समाज में नैतिक मूल्यों को मजबूत करने के साथ नई पीढ़ी को अपनी गौरवशाली परंपराओं से जोड़ने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाते हैं। रामलीला देखने के लिए मठिया बुजुर्ग सहित आसपास के गांवों से बड़ी संख्या में महिला और पुरुष श्रद्धालु पहुंचे। ऐतिहासिक मेले में रामलीला की परंपरा आज भी क्षेत्रवासियों के बीच श्रद्धा, उत्साह और सामाजिक समरसता का भाव जागृत कर रही है। कार्यक्रम का संचालन कुणाल राव ने किया। इस दौरान ब्लॉक प्रमुख खड्डा शशांक दूबे, चेयरमैन प्रतिनिधि खड्डा दुर्गेश्वर वर्मा, मेला सह संयोजक अनुज दुबे, आशुतोष पाण्डेय, अनिल तिवारी, मनोज जायसवाल, आलोक तिवारी, संतोष मणि त्रिपाठी, संतोष सिंह, मंडल अध्यक्ष अहिरौली मनोज पाण्डेय, पूर्व जिला अध्यक्ष पिछड़ा मोर्चा जितेंद्र सिंह, वेद त्रिपाठी, शैलेंद्र सिंह, सम्पूर्णानन्द द्विवेदी, डब्लू तिवारी, प्रवीण सिंह, अनूप श्रीवास्तव, मनोहर लाल गुप्ता, आशुतोष गोविन्द राव उर्फ गोलू बाबू, पंकज शाही, देवेश शाही, इंद्र मणि कन्नौजिया, गौरव त्रिपाठी, शिव शंकर, प्रमोद कुशवाहा, गोरख यादव, सुनील गुप्ता, शैलेन्द्र यादव और विनय मिश्रा सहित बड़ी संख्या में श्रद्धालु उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button