
बरेली। रोटरी क्लब ऑफ बरेली चैरिटेबल ट्रस्ट की ओर से 63वां महान दिवाली मेला 31 अक्टूबर से दो नवंबर तक बरेली क्लब मेला ग्राउंड में आयोजित किया जाएगा। इंद्रिया ज्वेलर्स टाइटल स्पॉन्सर है, जबकि नंदी ग्रुप और सिटी सेंटर एलए मॉल मुख्य प्रायोजक हैं। मेले में 145 स्टॉल लगाए जाएंगे, जिनमें से 143 की बुकिंग हो चुकी है।
मेला डायरेक्टर सीए अमित मनोहर ने बताया कि इस बार आदियोगी थीम पर भव्य मंदिर बनाया जा रहा है। पहली बार ओकटा एलिवेटर्स के माध्यम से लोगों को ऊंचाई से मेले का नजारा देखने का अवसर मिलेगा। तीनों दिन म्यूजिकल नाइट, दिल्ली के कलाकारों की प्रस्तुतियां और आतिशबाजी आकर्षण का केंद्र रहेंगी। खानपान के लिए साउथ इंडियन, चाइनीज, चाट और भारतीय व्यंजनों के स्टॉल लगेंगे।
को-मेला डायरेक्टर भावेश अग्रवाल ने बताया कि महिला सशक्तीकरण के लिए ‘फेस इन द क्राउड’ प्रतियोगिता होगी। वरिष्ठ नागरिकों के लिए गोल्डन कपल प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। इसके अलावा बेस्ट कपल, मेला क्वीन, फैंसी ड्रेस, बेबी शो और बेस्ट हेयर स्टाइल जैसी प्रतियोगिताएं भी होंगी। बच्चों के लिए विशेष किड्स जोन बनाया जाएगा।
रोटेरियन शेखर यादव ने बताया कि मीना बाजार में छोटे दुकानदारों को अपने उत्पाद बेचने का अवसर मिलेगा। आयोजकों के मुताबिक, मेला मनोरंजन के साथ स्थानीय उत्पादों और व्यापार को बढ़ावा देने का भी माध्यम बनेगा।



