तीन शादियां, तीनों का अंत! पत्नी अन्ना से अलग हुए पवन कल्याण

साउथ सिनेमा के मशहूर अभिनेता और आंध्र प्रदेश के उपमुख्यमंत्री पवन कल्याण की निजी जिंदगी को लेकर बड़ी खबर सामने आई है। पवन कल्याण और उनकी पत्नी अन्ना कोनिडेला ने 13 साल की शादी के बाद अलग होने का ऐलान किया है। सोमवार देर रात दोनों की ओर से एक जॉइंट स्टेटमेंट जारी कर इस फैसले की जानकारी दी गई। इसके साथ ही पवन कल्याण की तीसरी शादी भी खत्म हो गई है।

आपसी सहमति से लिया अलग होने का फैसला

पवन कल्याण के इंस्टाग्राम अकाउंट पर जारी साझा बयान में कहा गया कि दोनों ने आपसी समझ और सम्मान के साथ अलग होने का फैसला किया है। हालांकि, उन्होंने यह भी साफ किया कि उनके बीच दोस्ती का रिश्ता बना रहेगा।

बयान में कहा गया, “भले ही हमारी शादी खत्म हो गई है, लेकिन हम अच्छे दोस्त बने रहेंगे और अपने प्यारे बच्चों के लिए समर्पित माता-पिता रहेंगे। उनकी खुशी और भलाई हमेशा हमारी साझा प्राथमिकता रहेगी।”

दोनों ने इस निजी फैसले के दौरान लोगों से उनकी निजता का सम्मान करने की अपील भी की। हालांकि, अलग होने की वजहों के बारे में कोई जानकारी नहीं दी गई है। साझा बयान में कानूनी तलाक की प्रक्रिया और बच्चों की कस्टडी को लेकर भी कुछ नहीं कहा गया।

पवन कल्याण की तीनों शादियों का क्या रहा इतिहास?

पवन कल्याण की निजी जिंदगी में यह तीसरा वैवाहिक रिश्ता है, जिसके टूटने की खबर सामने आई है। उन्होंने साल 1997 में नंदिनी से पहली शादी की थी। हालांकि, 1999 में दोनों अलग हो गए।

इसके बाद साल 2009 में पवन कल्याण ने अभिनेत्री रेणु देसाई से शादी की। इस शादी से उनके एक बेटा और एक बेटी हैं। हालांकि, यह रिश्ता भी ज्यादा समय तक नहीं चला और साल 2012 में दोनों का तलाक हो गया।

पहली दो शादियों के टूटने के बाद पवन कल्याण ने साल 2013 में रूसी मूल की अन्ना कोनिडेला से तीसरी शादी की थी। दोनों के दो बच्चे हैं, जिनके नाम पोलेना अंजना पवनोवा और मार्क शंकर पवनोविच हैं।

अब 13 साल बाद पवन कल्याण और अन्ना ने भी अलग होने का फैसला कर लिया है। इस खबर के सामने आने के बाद उनके प्रशंसकों के बीच चर्चा तेज हो गई है।

Related Articles

Back to top button