राहुल का अखिलेश को संदेश, सम्मानजनक सीट बंटवारे पर जोर

उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 से पहले कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच सीटों के बंटवारे को लेकर हलचल तेज हो गई है। सोमवार को दिल्ली में कांग्रेस के शीर्ष नेताओं की अहम बैठक हुई। इसमें राहुल गांधी ने सपा के साथ गठबंधन और सीट बंटवारे को लेकर अपना रुख स्पष्ट किया। सूत्रों के मुताबिक, राहुल गांधी ने कहा कि समाजवादी पार्टी के साथ सीटों का बंटवारा सम्मानजनक होना चाहिए। सभी सहयोगी दलों को साथ लेकर चलना जरूरी है। सपा हमारी महत्वपूर्ण अलायंस पार्टनर है।

बैठक में कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, राहुल गांधी, प्रियंका गांधी, संगठन महासचिव केसी वेणुगोपाल, उत्तर प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मिश्रा, सांसद इमरान मसूद और प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। बैठक में यूपी चुनाव की रणनीति, संगठन की तैयारियों और सपा के साथ सीटों के तालमेल पर चर्चा हुई।

सीट बंटवारे के लिए कांग्रेस ने बनाई 5 सदस्यीय कमेटी

यूपी विधानसभा चुनाव को लेकर कांग्रेस ने समाजवादी पार्टी के साथ बातचीत और समन्वय के लिए पांच सदस्यीय कमेटी का गठन किया है। इस कमेटी में प्रियंका गांधी, केसी वेणुगोपाल, राजेंद्र पाल गौतम, इमरान मसूद और आराधना मिश्रा मोना को शामिल किया गया है।

यह कमेटी सपा के साथ सीटों के बंटवारे से लेकर गठबंधन से जुड़े दूसरे मुद्दों पर बातचीत करेगी। रिपोर्ट के मुताबिक, दोनों दलों के बीच औपचारिक सीट बंटवारे की बातचीत 17 नवंबर से शुरू होने की उम्मीद है।

खरगे बोले- यूपी चुनाव देश की राजनीति को नई दिशा देंगे

बैठक के बाद कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर पोस्ट कर इसकी जानकारी दी। उन्होंने कहा कि उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के वरिष्ठ नेताओं के साथ प्रदेश की राजनीतिक स्थिति और आगामी विधानसभा चुनावों को लेकर विस्तार से चर्चा हुई।

खरगे ने कहा कि उत्तर प्रदेश के आगामी चुनाव देश की राजनीति को नई दिशा देंगे। प्रदेश की जनता सामाजिक न्याय, समान अवसर और वंचित वर्गों के अधिकारों को मजबूत होते देखना चाहती है।

उन्होंने भरोसा जताया कि कांग्रेस पार्टी INDIA गठबंधन के साथ मिलकर उत्तर प्रदेश की जनता के सामने एक मजबूत विकल्प पेश करेगी।

181 सीटों की मांग पर फंसा है पेंच

कांग्रेस और समाजवादी पार्टी के बीच गठबंधन को लेकर सबसे बड़ा मुद्दा सीटों का बंटवारा है। हाल ही में सपा प्रमुख अखिलेश यादव ने दावा किया था कि कांग्रेस ने यूपी की 403 विधानसभा सीटों में से 181 सीटों की मांग की है।

कांग्रेस की ओर से भी सीटों पर अपना दावा पेश करने की तैयारी की गई है। पार्टी ने अपनी संभावित सीटों का आकलन संगठन की स्थिति, पिछले चुनावों में प्रदर्शन और स्थानीय नेताओं से मिले फीडबैक के आधार पर किया है। वहीं, समाजवादी पार्टी सीटों के बंटवारे में उम्मीदवारों की जीत की संभावना को अहम आधार मान रही है।

स्वामी प्रसाद मौर्य को लेकर भी दोनों दलों में असमंजस

सीटों के बंटवारे के अलावा स्वामी प्रसाद मौर्य को गठबंधन में शामिल करने का मुद्दा भी चर्चा में है। राहुल गांधी से स्वामी प्रसाद मौर्य की मुलाकात के बाद उनके INDIA गठबंधन में शामिल होने की अटकलें तेज हुई थीं।

हालांकि, अखिलेश यादव स्वामी प्रसाद मौर्य को गठबंधन में शामिल करने पर अपनी असहमति जता चुके हैं। ऐसे में कांग्रेस और सपा के बीच सीटों के साथ-साथ सहयोगी नेताओं को लेकर भी सहमति बनाना चुनौतीपूर्ण हो सकता है।

2022 में कांग्रेस को मिली थीं सिर्फ 2 सीटें

उत्तर प्रदेश में कांग्रेस के पिछले विधानसभा चुनावों का प्रदर्शन भी सीट बंटवारे की बातचीत में महत्वपूर्ण मुद्दा बना हुआ है। साल 2022 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने 403 सीटों पर चुनाव लड़ते हुए केवल दो सीटें जीती थीं। पार्टी को महज 2.33 फीसदी वोट मिले थे।

इससे पहले 2017 के विधानसभा चुनाव में कांग्रेस ने समाजवादी पार्टी के साथ गठबंधन किया था। उस चुनाव में पार्टी को सात सीटों पर जीत मिली थी और उसका वोट शेयर 6.25 फीसदी रहा था।

अब 2027 के चुनाव से पहले दोनों दलों के बीच सीटों के बंटवारे पर होने वाली बातचीत पर सबकी नजर है।

Related Articles

Back to top button