
उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी ने अपनी सियासी सक्रियता तेज कर दी है। इसी कड़ी में पीडीए रथयात्रा लेकर निकले सपा अध्यक्ष अखिलेश यादव ने मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ का नाम लिए बिना उन पर निशाना साधा। उन्होंने परिवारवाद के मुद्दे पर तंज कसते हुए सवाल किया कि आखिर इतनी जल्दी किसी को प्रमोशन कैसे मिल सकता है?
एक जनसभा को संबोधित करते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि जो लोग परिवारवाद की बात करते हैं, परिवारवाद की शुरुआत तो यहीं से हुई है। उन्होंने कहा कि अगर सबसे सम्मानित व्यक्ति की कृपा और साथ नहीं मिलता तो आज के मुखिया को कभी गद्दी नहीं मिलती। उन्हें सिर्फ गद्दी ही नहीं, बल्कि सीट भी मिली है।
अखिलेश बोले- हजारों साधु-संतों को नहीं मिला मौका
सपा प्रमुख ने आगे कहा कि वहां हजारों साधु-संत मौजूद थे, लेकिन उन्हें जिम्मेदारी संभालने का मौका नहीं मिला। उन्होंने सवाल उठाया कि जो व्यक्ति 50 साल से वहां बैठा था, उसे उत्तराधिकारी क्यों नहीं बनाया गया? इसके बजाय उस व्यक्ति को जिम्मेदारी दी गई, जो महज चार साल से वहां बैठा था।
अखिलेश यादव ने इस दौरान कुछ लोगों को नकली संत भी बताया। उनके इस बयान को मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पर निशाने के तौर पर देखा जा रहा है।
चौरी चौरा के बलिदानियों को किया याद
इससे पहले गोरखपुर में जनसभा के दौरान अखिलेश यादव ने चौरी चौरा की ऐतिहासिक धरती और स्वतंत्रता आंदोलन के बलिदानियों को याद किया। उन्होंने कहा कि 1857 की क्रांति के दौरान आंदोलन गांव-गांव और सड़कों तक पहुंचा था। इस दौरान बड़ी संख्या में लोगों ने देश के लिए बलिदान दिया।
उन्होंने बलिदानी बाबू बंधू सिंह और उनके साथ शहीद हुए पीडीए समाज के लोगों को भी याद किया। अखिलेश ने सभा में पहुंचे लोगों का आभार जताते हुए कहा कि एयरपोर्ट से कार्यक्रम स्थल तक जिस तरह का जनसमर्थन मिला, उससे गोरखपुर में चुनाव से पहले ही उत्साह दिखाई दे रहा है।
उन्होंने तंज कसते हुए कहा कि अभी चुनाव की तारीख नहीं आई है, लेकिन अगर आज वोट पड़ जाएं तो काशी का डबल जीरो यहां भी आ जाएगा।
शराब के ठेकों और स्कूलों को लेकर बीजेपी पर हमला
अखिलेश यादव ने बीजेपी सरकार के विकास मॉडल पर भी सवाल उठाए। उन्होंने दावा किया कि उत्तर प्रदेश में 27 हजार शराब के ठेके खुलवाए गए, जबकि 26 हजार प्राइमरी स्कूल बंद कर दिए गए। उन्होंने कहा कि यही बीजेपी का विकास मॉडल है।
गोरखपुर में बारिश के बाद होने वाले जलभराव का मुद्दा उठाते हुए सपा प्रमुख ने कहा कि कुछ घंटे की बारिश में ही शहर का हाल खराब हो जाता है। उन्होंने तंज किया कि यहां लखनऊ की तरह मेट्रो चलनी चाहिए थी, लेकिन लोग बारिश के दौरान नाव से चलने को मजबूर हैं।
‘बीजेपी का झूठा स्पेन और वेनिस भी है’
बीजेपी के विकास के दावों पर निशाना साधते हुए अखिलेश यादव ने कहा कि गोरखपुर आकर उन्हें लगा कि वह यूरोप की यात्रा पर आए हैं। यहां बीजेपी का झूठा स्पेन और वेनिस भी है। उन्होंने मुख्यमंत्री पर कटाक्ष करते हुए उन्हें ‘वाचस्पति’ बताया।
वहीं, बंगाल में चुनाव प्रचार के दौरान दिए गए ‘तुम मुझे खून दो…’ वाले बयान पर भी अखिलेश ने तंज कसा। उन्होंने कहा कि कभी-कभी डबल डोज का भी दोष होता है।



