PM मोदी के लखनऊ दौरे पर 10 घंटे का ट्रैफिक डायवर्जन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के शनिवार को लखनऊ दौरे को देखते हुए राजधानी में सुरक्षा और यातायात के व्यापक इंतजाम किए गए हैं। पीएम मोदी के कार्यक्रम के मद्देनजर शहर में 10 घंटे का ट्रैफिक डायवर्जन लागू रहेगा। 21 नवंबर को दोपहर 12 बजे से रात 10 बजे तक कई प्रमुख रास्तों पर वाहनों की आवाजाही बदली रहेगी। ऐसे में घर से निकलने से पहले ट्रैफिक प्लान जरूर देख लें।

प्रधानमंत्री गोमतीनगर स्थित इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में आयोजित पांचवें कौशल दीक्षांत समारोह में शामिल होंगे। यह कार्यक्रम ‘कौशल भारत, कुशल भारत’ अभियान के तहत आयोजित किया जा रहा है। इस दौरान प्रधानमंत्री युवाओं को संबोधित भी करेंगे।

गोमतीनगर और शहीद पथ पर बदलेगा ट्रैफिक

पीएम मोदी के दौरे को लेकर गोमतीनगर, कमता, पॉलिटेक्निक, शहीद पथ और अहिमामऊ के आसपास यातायात व्यवस्था में बदलाव किया गया है। इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान के आसपास सामान्य वाहनों की आवाजाही प्रतिबंधित रहेगी। शहीद पथ के कई अंडरपास और कट से भी वाहनों को प्रवेश नहीं मिलेगा।

इसके अलावा बसों और भारी व्यावसायिक वाहनों के रूट में भी बदलाव किया गया है। यातायात पुलिस ने लोगों से अपील की है कि वे यात्रा शुरू करने से पहले वैकल्पिक मार्गों की जानकारी ले लें और प्रतिबंधित रास्तों पर जाने से बचें।

बंगाल और बिहार के बाद लखनऊ पहुंचेंगे पीएम मोदी

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी 21 नवंबर को कई राज्यों के दौरे पर रहेंगे। सुबह करीब 9:45 बजे वह पश्चिम बंगाल के आईआईटी खड़गपुर के प्लेटिनम जुबली समारोह में शामिल होंगे। यहां वह संस्थान के 75 साल पूरे होने के मौके पर आयोजित कार्यक्रम को संबोधित करेंगे और 75 छात्रों से बातचीत करेंगे।

इसके बाद प्रधानमंत्री बिहार के वैशाली में विकास परियोजनाओं की आधारशिला रखेंगे और विभिन्न योजनाओं का उद्घाटन करेंगे। फिर शाम करीब 5:30 बजे वह लखनऊ पहुंचेंगे और इंदिरा गांधी प्रतिष्ठान में कौशल दीक्षांत समारोह में हिस्सा लेंगे।

52 राष्ट्रीय टॉपर्स को किया जाएगा सम्मानित

पांचवें कौशल दीक्षांत समारोह में इस साल देशभर के 52 राष्ट्रीय स्तर के टॉपर्स को सम्मानित किया जाएगा। इनमें औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थानों (ITI), राष्ट्रीय कौशल प्रशिक्षण संस्थानों (NSTI) और प्रशिक्षकों के प्रशिक्षण संस्थानों के प्रतिभाशाली युवा शामिल हैं।

यह समारोह कौशल विकास के क्षेत्र में बेहतर प्रदर्शन करने वाले युवाओं को सम्मानित करने के लिए आयोजित किया जाता है। इसकी शुरुआत शैक्षणिक सत्र 2021-22 में हुई थी। इसका उद्देश्य व्यावसायिक शिक्षा और कौशल आधारित करियर को प्रोत्साहित करना है।

 

Related Articles

Back to top button