‘अब न रुकना है, न थकना है’, वैशाली से PM मोदी ने NDA को दिया मिशन

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी ने शनिवार को बिहार के वैशाली में आयोजित कार्यक्रम के दौरान 34,470 करोड़ रुपये से अधिक की विकास परियोजनाओं का उद्घाटन और शिलान्यास किया। इस मौके पर उन्होंने नीतीश सेतु को भी जनता को समर्पित किया। पीएम मोदी ने अपने संबोधन में बिहार में NDA सरकार के कार्यकाल के दौरान हुए विकास कार्यों का जिक्र किया और पिछली सरकारों पर निशाना साधा। उन्होंने कहा कि NDA के सत्ता में आने से पहले बिहार में घोटालों की चर्चा होती थी, जबकि आज निवेश और विकास की बात हो रही है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि पहले अखबारों की सुर्खियों में अपराध के आंकड़े छाए रहते थे, लेकिन अब अपराधियों के खिलाफ हो रही कार्रवाई चर्चा का विषय है। उन्होंने कहा कि बिहार में शहरी परिवहन को बेहतर बनाने के लिए 100 आधुनिक PM-eBuses को हरी झंडी दिखाई गई है। प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत हजारों गरीब परिवारों को पक्के मकानों की चाबियां भी सौंपी गई हैं।

बिहार में बिजली और शहरी विकास की तस्वीर बदली: PM मोदी

पीएम मोदी ने कहा कि बिहार में सड़क नेटवर्क के साथ ऊर्जा और शहरी विकास की तस्वीर भी तेजी से बदल रही है। एक समय था, जब राज्य के हजारों गांवों तक बिजली नहीं पहुंची थी, लेकिन आज बिहार बिजली उत्पादन का बड़ा केंद्र बनता जा रहा है।

उन्होंने बक्सर थर्मल पावर प्लांट और फुलवरिया बांध पर सोलर एनर्जी प्लांट जैसी परियोजनाओं का जिक्र किया। पीएम ने कहा कि बेहतर कनेक्टिविटी से किसानों को अपनी फसल, फल, सब्जियां, दूध और दही बड़े बाजारों तक पहुंचाने में आसानी होगी। इससे युवाओं को पढ़ाई और बुजुर्गों को इलाज की सुविधाओं तक पहुंचने में भी मदद मिलेगी।

नीतीश कुमार के नाम पर रखा गया पुल

प्रधानमंत्री ने गंगा नदी पर बने कच्ची दरगाह-बिदुपुर छह लेन पुल का उद्घाटन करते हुए कहा कि इस आधुनिक पुल का नाम नीतीश कुमार के सम्मान में ‘नीतीश सेतु’ रखा गया है। उन्होंने इसे नीतीश कुमार की सेवा और समर्पण के प्रति बिहारवासियों के सम्मान का प्रतीक बताया।

पीएम मोदी ने कहा कि करीब तीन दशक पहले बिहार ने उम्मीद और विश्वास की नई राह चुनी थी। जिस राज्य को लंबे समय तक बदहाली का सामना करना पड़ा, उसे नीतीश कुमार के नेतृत्व में सुशासन का नया भरोसा मिला। उन्होंने कहा कि नीतीश कुमार ने लंबे समय तक मुख्यमंत्री के रूप में बिहार की सेवा की है और अब उनके आशीर्वाद से मुख्यमंत्री सम्राट चौधरी और उनकी टीम विकास के इस अभियान को आगे बढ़ा रही है।

रामविलास पासवान को भी किया याद

अपने संबोधन में पीएम मोदी ने दिवंगत नेता रामविलास पासवान को भी याद किया। उन्होंने कहा कि उन्हें पूरा भरोसा है कि रामविलास पासवान की आत्मा जहां भी होगी, वह भी विकास कार्यों को देखकर खुश हो रही होगी, क्योंकि उनके सपनों को साकार करने का प्रयास किया जा रहा है।

प्रधानमंत्री ने कहा कि बिहार की विकास यात्रा में NDA सरकार ‘सबका साथ, सबका विकास’ के मंत्र के साथ आगे बढ़ रही है।

छठी मैया के आशीर्वाद से मना रहे विकास का पर्व

पीएम मोदी ने छठ महापर्व का जिक्र करते हुए कहा कि लोक आस्था का महापर्व अभी संपन्न हुआ है। माताओं और बहनों ने कठिन निर्जला व्रत रखकर परिवार, समाज और पूरी दुनिया के कल्याण की कामना की। अब छठी मैया के आशीर्वाद से बिहार में विकास का पर्व मनाया जा रहा है।

उन्होंने कहा कि NDA सरकार अपने कार्यकाल का एक वर्ष पूरा कर रही है और इस अवसर पर कार्यक्रम के लिए लोकतंत्र की ऐतिहासिक धरती वैशाली को चुना गया है। प्रधानमंत्री ने NDA के सभी घटक दलों से मिलकर समर्थ, समृद्ध और आत्मनिर्भर बिहार बनाने के लिए लगातार काम करने की अपील की।

Related Articles

Back to top button