
लखनऊ: समाजवादी पार्टी (सपा) और कांग्रेस की उत्तर प्रदेश विधान सभा चुनाव 2027 को लेकर बात चीत का पहला दौर सोमवार को पूरा हो गया। बात चीत का सिलसिला दूसरे दिन भी चलेगा।
बैठक से बाहर निकल कर कांग्रेस प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा ‘मोना’ ने कहा कि हम लोगों ने आपस की बात की। दोनों ने अपनी बात रखी, हमने अपनी बात रखी। मैं बता दूं कि दोनों पक्षों के नेतृत्व में लगातार बात हो रही थी। मैंने पहले भी कहा था कि उनमें आपस में चर्चा हो रही है। हम लोगों ने सर्वसम्मति के साथ इस बात को रखा है। दोनों पक्ष एक दूसरे पर विश्वास करते हैं। हम कल फिर बैठेंगे और उसके बाद आगे देखेंगे।
बैठक में प्रियंका गांधी वाड्रा के शामिल होने पर उन्होंने कहा, अभी मुझे जानकारी नहीं कि कौन रहेगा पर कल हम फिर बैठेंगे और इसके बाद फिर हम इस चर्चा को आगे ले जाएंगे और मुश्किल से तीन-चार दिनों में सब चीजें तैयार हो जाएगी।
दिल्ली में राज्यसभा सांसद प्रमोद तिवारी के आवास पर हुई बैठक करीब आधे घंटे तक चली और सीटों के बंटवारे पर अंतिम फैसला नहीं हो सका। सीट शेयरिंग पर कांग्रेस और सपा की बैठक के बाद उत्तर प्रदेश कांग्रेस प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम ने कहा, “भाजपा बहुत परेशान है। यह हम जानते हैं। उनकी परेशानी बढ़ने वाली है, यह तय है। भाजपा परेशान क्यों हैं? जब कांग्रेस और समाजवादी पार्टी परेशान नहीं है तो भाजपा क्यों परेशान है? हमें उनकी परेशानी समझ आ रही है।”
समाजवादी पार्टी के चार नेता राम गोपाल यादव, इकरा चौधरी, राजीव राय और श्याम लाल पाल आज कांग्रेस के साथ सीट-बंटवारे पर बातचीत के लिए एक बैठक में शामिल हुए। वहीँ कांग्रेस से आराधना मिश्रा, राजेंद्र पाल गौतम, इमरान मसूद मौजूद रहे। मीटिंग से बाहर आने पर नेताओं ने कहा अभी कम से कम मीटिंग का दो और दौर चलेगा जिसके बाद अपनी-अपनी पार्टियों के शीर्ष नेताओं से मीटिंग होगी।
सूत्रों के मुताबिक पहली मीटिंग में दोनों पार्टियों ने अपनी लिस्ट एक दुसरे को दिया जिस पर अब मंथन होना है।



