सपा के घोषणा पत्र कार्यक्रम में आजम खान ने सुनाया जेल का दर्द

समाजवादी पार्टी ने लखनऊ में उत्तर प्रदेश विधानसभा चुनाव 2027 के लिए अपने घोषणा पत्र का ऐलान किया। कार्यक्रम से पहले पार्टी के वरिष्ठ नेता और पूर्व मंत्री आजम खान ने संबोधन दिया। इस दौरान उन्होंने जेल में बिताए वक्त और परिवार से दूर रहने के अनुभव साझा किए। आजम खान ने कहा कि वह दौर बेहद दर्दनाक था और उसे याद करना भी आसान नहीं है।

जेल से बाहर निकलने का किस्सा सुनाया

आजम खान ने बताया कि एक दिन जेल में अधिकारियों ने उन्हें उठाकर सामान बांधने को कहा। जेल से बाहर आने के बाद उन्हें अलग-अलग गाड़ियों में बैठने के लिए कहा गया। उन्होंने बताया कि उस समय उन्होंने अपने बेटे से कहा था कि अगर दोबारा मिले तो यहां मिलेंगे, नहीं तो वहां मिलेंगे।

आजम खान ने जेल में रहते हुए मानसिक तनाव और परिवार की चिंता का भी जिक्र किया। उन्होंने कहा कि जब उनकी औलाद उनसे पूछती थी कि वे कभी जेल से बाहर आ पाएंगे या नहीं, तो यह सवाल उनके लिए बेहद पीड़ादायक होता था। उन्होंने उस समय को अपनी जिंदगी का बहुत कठिन दौर बताया।

अखिलेश यादव को लेकर कही यह बात

आजम खान ने कहा कि वह अपने बेटे अब्दुल्ला और जेल में साथ रहे लोगों से कहते थे कि उनका दिल चाहता है कि अखिलेश यादव भी छह महीने जेल में रहें, ताकि उन्हें वहां के दिन-रात और हालात का अनुभव हो सके।

उन्होंने सपा के घोषणा पत्र को लेकर कहा कि यह ऐसा होना चाहिए, जिसकी रोशनी हर दिल का अंधेरा दूर कर सके। आजम खान ने समर्थकों के नारों का जिक्र करते हुए कहा कि कुछ लोग मन में चुनाव आने का इंतजार कर रहे हैं।

सरकार पर लगाए गंभीर आरोप

आजम खान ने सरकार पर निशाना साधते हुए कहा कि जेल में रहना जितना मुश्किल नहीं, उससे ज्यादा तकलीफ एक पिता के लिए अपने बेटे को जेल में देखना है। उन्होंने आरोप लगाया कि उनके परिवार के सदस्यों को भी कार्रवाई का सामना करना पड़ा। आजम खान ने कहा कि उनकी मां के नाम वारंट जारी किया गया और 85 साल की बहन को ले जाकर थाने पहुंचाया गया।

उन्होंने कहा, “हम गंदा नाला नहीं हैं। हम इंसानों के दिल बांटते नहीं हैं। हम वोटकटुआ नहीं हैं, हम वोटजुड़वा हैं। हम लोगों को जोड़ते हैं।”

आजम खान ने यह भी कहा कि जब उन्हें अपने बेटे के हरदोई जेल में होने की जानकारी नहीं थी, तब वह बेचैन रहते थे। उन्होंने मीडिया में अपने और परिवार के मामलों की लगातार चर्चा का जिक्र करते हुए कहा कि उन्हें जितनी नफरत झेलनी पड़ी, उससे ज्यादा नफरत कोई उनसे नहीं कर सकता।

Related Articles

Back to top button