इमरान मसूद ने सपा के सामने रखी बड़ी शर्त

उत्तर प्रदेश में 2027 विधानसभा चुनाव से पहले समाजवादी पार्टी और कांग्रेस के बीच गठबंधन को लेकर खींचतान तेज होती जा रही है। सीटों के बंटवारे को लेकर दोनों दलों के बीच बयानबाजी भी बढ़ रही है। कांग्रेस सांसद इमरान मसूद ने सपा पर निशाना साधते हुए कहा है कि अगर उसकी नजर में कांग्रेस की हैसियत इतनी कम है तो फिर गठबंधन में उसकी जरूरत क्यों है? उन्होंने साफ कर दिया कि कांग्रेस को उत्तर प्रदेश में 105 से कम सीटों पर समझौता नहीं करना चाहिए।

इमरान मसूद ने कहा कि कांग्रेस भले ही शून्य हो, लेकिन जहां भी गठबंधन करती है, वहां उसका प्रभाव दस गुना बढ़ जाता है। उन्होंने दावा किया कि कांग्रेस अब पहले के मुकाबले मजबूत स्थिति में है और उसे चुनाव लड़ने के लिए अच्छी और पर्याप्त संख्या में सीटें मिलनी चाहिए।

‘कांग्रेस को 105 से ज्यादा सीटें मिलनी चाहिए’

सीट बंटवारे पर अपनी बात रखते हुए इमरान मसूद ने 2017 के विधानसभा चुनाव का जिक्र किया। उन्होंने कहा कि उस समय कांग्रेस ने 105 सीटों पर चुनाव लड़ा था, जबकि पार्टी की स्थिति आज के मुकाबले काफी कमजोर थी। अब कांग्रेस मजबूत स्थिति में है, इसलिए उसे 105 से ज्यादा सीटों पर चुनाव लड़ने का मौका मिलना चाहिए।

उन्होंने कहा, “हमें सीटें दीजिए, हम चुनाव लड़ सकते हैं और जीत भी सकते हैं। हमें अच्छी सीटें भी चाहिए और पर्याप्त संख्या भी। आप मुख्यमंत्री पद ले लीजिए, इस पर कोई विवाद नहीं है। लेकिन आप अपने सहयोगी दल को कमजोर करने और छोटा दिखाने की कोशिश क्यों कर रहे हैं?”

राहुल गांधी को दिया सपा की 37 सीटों का श्रेय

इमरान मसूद ने 2024 के लोकसभा चुनाव में समाजवादी पार्टी की सफलता का जिक्र करते हुए राहुल गांधी की भूमिका को भी अहम बताया। उन्होंने कहा कि राहुल गांधी की भारत जोड़ो यात्रा के बाद बने माहौल का फायदा सपा को भी मिला और पार्टी 37 सीटें जीतने में कामयाब हुई।

मसूद ने कहा कि कांग्रेस ने गठबंधन के दौरान बड़ा दिल दिखाया था, लेकिन हर बार कांग्रेस ही उदारता क्यों दिखाए? उन्होंने सपा से भी सहयोगी दल के प्रति उदारता दिखाने की अपील की।

‘सीट नहीं देनी तो खुद चुनाव लड़कर दिखाएं’

कांग्रेस सांसद ने सपा को चुनौती देते हुए कहा कि जिन सीटों पर पार्टी कांग्रेस को चुनाव लड़ने का मौका नहीं देना चाहती, वहां उसे खुद चुनाव लड़कर जीत हासिल करनी चाहिए। उन्होंने कहा कि अगर कांग्रेस को शून्य सीटें दी जाएंगी तो नतीजा भी शून्य ही होगा।

खरगे की टिप्पणी पर भी दिया जवाब

इमरान मसूद ने कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे की टिप्पणी पर भी प्रतिक्रिया दी। उन्होंने कहा कि खरगे ने उनकी मेहनत को स्वीकार किया है और उनके काम की सराहना की है। मसूद ने कहा कि वह कांग्रेस की तरक्की के लिए पूरी तरह समर्पित हैं और पार्टी के हित में अपनी आवाज उठाते रहेंगे।

उन्होंने सवाल किया कि भाजपा को सत्ता से बाहर करने की पूरी जिम्मेदारी क्या सिर्फ कांग्रेस की है? क्या समाजवादी पार्टी की भी यह जिम्मेदारी नहीं बनती? इमरान मसूद के इन बयानों से यूपी में सपा-कांग्रेस गठबंधन और सीटों के बंटवारे को लेकर जारी सियासी चर्चा तेज हो गई है।

Related Articles

Back to top button