
महात्मा ज्योतिबा राव फुले की पुण्यतिथि पर उत्तर प्रदेश कांग्रेस कमेटी ने उन्हें भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की। इस मौके पर कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी राजेंद्र पाल गौतम और प्रदेश अध्यक्ष आराधना मिश्रा ‘मोना’ ने महात्मा फुले के सामाजिक योगदान को याद करते हुए कहा कि उनका पूरा जीवन जातिगत भेदभाव, छुआछूत, शोषण और सामाजिक असमानता के खिलाफ संघर्ष को समर्पित रहा।
दोनों नेताओं ने कहा कि महात्मा फुले ने समाज के उन वर्गों को शिक्षा, सम्मान और अधिकार दिलाने के लिए जीवनभर काम किया, जिन्हें सदियों से सामाजिक व्यवस्था में हाशिये पर रखा गया था। उनके विचार आज भी सामाजिक समानता और न्यायपूर्ण समाज के निर्माण के लिए प्रासंगिक हैं।
सामाजिक क्रांति के अग्रदूत थे महात्मा फुले: राजेंद्र पाल गौतम
कांग्रेस के प्रदेश प्रभारी और अनुसूचित जाति विभाग के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजेंद्र पाल गौतम ने कहा कि महात्मा ज्योतिबा राव फुले केवल समाज सुधारक नहीं, बल्कि सामाजिक क्रांति के अग्रदूत थे। उन्होंने उस दौर में जाति आधारित ऊंच-नीच, छुआछूत और शोषण के खिलाफ आवाज उठाई, जब दलितों, पिछड़ों और वंचित वर्गों को शिक्षा और समान अवसरों से दूर रखा जाता था।
गौतम ने कहा कि महात्मा फुले ने शिक्षा को सामाजिक मुक्ति का सबसे बड़ा हथियार माना। उनका विश्वास था कि समाज के दलित, पिछड़े, अतिपिछड़े, गरीब और वंचित वर्गों को शिक्षित किए बिना वास्तविक बदलाव संभव नहीं है। उन्होंने माता सावित्रीबाई फुले के साथ मिलकर महिला शिक्षा के क्षेत्र में ऐतिहासिक पहल की और सामाजिक कुरीतियों के खिलाफ संघर्ष किया।
उन्होंने कहा कि आज जरूरत महात्मा फुले के विचारों को केवल याद करने की नहीं, बल्कि उन्हें सामाजिक और राजनीतिक जीवन में लागू करने की है। शिक्षा, रोजगार, आरक्षण और राजनीतिक प्रतिनिधित्व के माध्यम से वंचित वर्गों की भागीदारी सुनिश्चित करना सामाजिक न्याय की दिशा में जरूरी कदम है।
सामाजिक न्याय के लिए समान अवसर जरूरी: आराधना मिश्रा
प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष आराधना मिश्रा ‘मोना’ ने कहा कि महात्मा फुले ने भारतीय समाज को समानता, स्वतंत्रता, शिक्षा और मानवीय गरिमा का संदेश दिया। महिलाओं, दलितों और पिछड़े वर्गों को उनके अधिकारों के प्रति जागरूक करने में उनका योगदान ऐतिहासिक रहा है।
उन्होंने कहा कि महात्मा फुले और सावित्रीबाई फुले ने महिला शिक्षा के लिए जिस साहस और संकल्प के साथ काम किया, वह भारतीय समाज के इतिहास का महत्वपूर्ण अध्याय है। एक समतामूलक समाज तभी बन सकता है, जब दलितों, पिछड़ों, किसानों, मजदूरों, गरीबों और महिलाओं को विकास की प्रक्रिया में बराबर का भागीदार बनाया जाए।
आराधना मिश्रा ने कहा कि सामाजिक न्याय का वास्तविक अर्थ है कि किसी नागरिक के साथ जाति, धर्म, लिंग या आर्थिक स्थिति के आधार पर भेदभाव न हो। दलितों और पिछड़ों को शासन में उचित प्रतिनिधित्व मिले, युवाओं को शिक्षा और रोजगार के अवसर मिलें तथा महिलाओं को बराबरी का अधिकार प्राप्त हो।
संविधान के मूल्यों को लागू करना जरूरी
दोनों कांग्रेस नेताओं ने कहा कि भारतीय संविधान प्रत्येक नागरिक को समानता, स्वतंत्रता, न्याय और गरिमा का अधिकार देता है। संविधान की प्रस्तावना में शामिल सामाजिक, आर्थिक और राजनीतिक न्याय के संकल्प को पूरा करना सभी की जिम्मेदारी है।
उन्होंने कहा कि महात्मा फुले को सच्ची श्रद्धांजलि तभी दी जा सकती है, जब शिक्षा पर सभी का अधिकार हो, जातिगत भेदभाव समाप्त हो और समाज के हर वर्ग को सत्ता, संसाधनों तथा निर्णय लेने की प्रक्रिया में बराबर की भागीदारी मिले। गांव-गांव तक उनके विचार पहुंचाकर भेदभावमुक्त और न्यायपूर्ण भारत के निर्माण की दिशा में काम करना जरूरी है।



