राम मंदिर में चढ़ावे की गिनती के नियम बदले

अयोध्या के राम मंदिर में रामलला के दरबार में आने वाले चढ़ावे की गिनती अब कड़ी निगरानी और सुरक्षा व्यवस्था के बीच की जा रही है। नकदी की सुरक्षा और काउंटिंग प्रक्रिया में पारदर्शिता बनाए रखने के लिए श्रीराम जन्मभूमि तीर्थ क्षेत्र ट्रस्ट ने कई अहम बदलाव किए हैं। अब चढ़ावे की गिनती करने वाले कर्मचारियों को बिना जेब वाली विशेष डांगरी पहनना अनिवार्य कर दिया गया है। यह व्यवस्था लागू हुए करीब एक पखवाड़ा हो चुका है।

काउंटिंग रूम में पांच सुरक्षा कर्मचारी तैनात

नई व्यवस्था के तहत चढ़ावे की गिनती के दौरान एसआईएस सिक्योरिटी के पांच कर्मचारी निगरानी के लिए तैनात रहते हैं। इसके अलावा चढ़ावा चोरी प्रकरण के बाद दो पुलिसकर्मियों की मौजूदगी भी अनिवार्य की गई है। काउंटिंग की प्रक्रिया में दो बैंककर्मी और ट्रस्ट के दो प्रतिनिधि भी शामिल रहते हैं।

इस तरह नकदी की गिनती के दौरान सुरक्षा एजेंसी, पुलिस, बैंक और ट्रस्ट के प्रतिनिधि मौजूद रहते हैं, ताकि पूरी प्रक्रिया पर निगरानी रखी जा सके।

कर्मचारियों की एंट्री और जांच के नियम भी सख्त

चढ़ावे की गिनती में लगे कर्मचारियों की आवाजाही पर भी नियंत्रण बढ़ाया गया है। अब कर्मचारियों की एंट्री तीन स्तरों पर दर्ज की जाती है, जबकि दो स्थानों पर उनकी जांच होती है।

इस व्यवस्था का उद्देश्य काउंटिंग रूम में किसी भी अनधिकृत वस्तु को पहुंचने से रोकना और नकदी के दुरुपयोग की आशंका को खत्म करना है। ट्रस्ट की ओर से किए गए इन बदलावों के जरिए चढ़ावे की रकम की सुरक्षा और गिनती की पारदर्शिता सुनिश्चित करने की कोशिश की जा रही है।

Related Articles

Back to top button