निवेश, उद्योग और रोजगार… योगी ने बताया क्यों बदला यूपी का माहौल

वाराणसी। मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने कहा कि मजबूत कानून-व्यवस्था, बेहतर कनेक्टिविटी, विश्वस्तरीय बुनियादी ढांचे, इंडस्ट्रियल लैंड बैंक, उद्योगों के लिए तैयार कार्यबल और स्पष्ट नीतियों ने उत्तर प्रदेश में निवेश के अनुकूल माहौल बनाया है। उन्होंने कहा कि अपराध और अपराधियों के प्रति जीरो टॉलरेंस की नीति लगातार जारी है। इसी का परिणाम है कि कभी बीमारू समझा जाने वाला उत्तर प्रदेश आज देश की अर्थव्यवस्था का ग्रोथ इंजन बन चुका है।

मुख्यमंत्री शनिवार को काशी हिंदू विश्वविद्यालय (बीएचयू) के भारत कला भवन में आयोजित ‘सीआईआई बनारस बिनाले-2026’ के पहले संस्करण को संबोधित कर रहे थे। इस दौरान उन्होंने भारत कला भवन की कैटलॉग का विमोचन किया और संग्रहालय व गैलरी की ऐतिहासिक धरोहरों का अवलोकन किया। उन्होंने काशी की सांस्कृतिक पहचान को वैश्विक मंच तक पहुंचाने के लिए सीआईआई की टीम का अभिनंदन भी किया।

70 साल में 14 हजार, 10 साल में 35 हजार उद्योग स्थापित होने का दावा

योगी आदित्यनाथ ने कहा कि आजादी के बाद से 2017 तक 70 वर्षों में प्रदेश में 14 हजार बड़े कारखाने स्थापित हुए थे, जबकि 2017 से 2026 के बीच 10 वर्षों में 35 हजार बड़े कारखाने स्थापित किए गए। उनके मुताबिक, प्रदेश को अब तक 50 लाख करोड़ रुपये से अधिक के निवेश प्रस्ताव मिले हैं, जिन्हें धरातल पर उतारा गया है।

मुख्यमंत्री ने कहा कि उत्तर प्रदेश आज रेवेन्यू सरप्लस राज्य है और यहां दो लाख करोड़ रुपये से अधिक का पूंजीगत व्यय हो रहा है, जो देश में सर्वाधिक है। उन्होंने बताया कि डेटा सेंटर, इलेक्ट्रिक व्हीकल, डिफेंस मैन्युफैक्चरिंग और सेमीकंडक्टर जैसे क्षेत्र प्रदेश की औद्योगिक क्षमता को नई दिशा दे रहे हैं।

उन्होंने कहा कि उद्योगों की जरूरतों के अनुरूप हर साल लाखों आईटीआई और डिप्लोमा धारकों के साथ दो लाख से अधिक STEM ग्रेजुएट्स को प्रशिक्षित किया जा रहा है। ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन प्रोडक्ट’ और ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन मेडिकल कॉलेज’ के बाद प्रदेश अब ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन कुजीन’ और ‘वन डिस्ट्रिक्ट वन यूनिवर्सिटी’ की दिशा में आगे बढ़ रहा है।

आस्था और आर्थिकी एक-दूसरे के पूरक: योगी

मुख्यमंत्री ने कहा कि आस्था और आर्थिकी अलग-अलग नहीं हैं, बल्कि संस्कृति और अर्थव्यवस्था एक-दूसरे की पूरक हैं। उनके मुताबिक, जब आस्था के केंद्रों का सम्मान होता है, तो मंदिरों के साथ-साथ स्थानीय अर्थव्यवस्था को भी गति मिलती है। उन्होंने कहा कि महाकुंभ ने भी यही संदेश दिया है और काशी में सीआईआई बनारस बिनाले इसी समन्वय को आगे बढ़ा रहा है।

योगी ने कहा कि काशी विश्वनाथ धाम, 84 घाटों पर सायंकालीन गंगा आरती, अलकनंदा क्रूज, नमो घाट और गंगा विलास जैसी सुविधाओं से पर्यटन को नया आयाम मिला है। ओडीओपी और ई-कॉमर्स के माध्यम से बनारसी रेशम, साड़ी और हस्तशिल्प को वैश्विक बाजार से जोड़ा जा रहा है। इससे नाविकों, कारीगरों, होटल, परिवहन और व्यापार से जुड़े परिवारों की आजीविका को मजबूती मिल रही है।

उन्होंने बताया कि काशी में रुद्राक्ष कन्वेंशन सेंटर, विश्वस्तरीय रेलवे स्टेशन और इंटरनेशनल एयरपोर्ट के साथ देश का पहला अर्बन रोपवे भी जल्द शुरू होने जा रहा है।

‘काशी केवल स्मारकों की धरोहर नहीं, जीवंत रचनात्मक नगरी’

मुख्यमंत्री ने कहा कि वर्ष 1995 में वेनिस बिनाले से शुरू हुई वैश्विक परंपरा 2012 में कोच्चि पहुंची और अब 2026 में काशी में इसका पहला संस्करण आयोजित हो रहा है। उन्होंने काशी को केवल स्मारकों की नगरी नहीं, बल्कि निरंतर जीवंत रहने वाली रचनात्मक नगरी बताया।

उन्होंने कहा कि एक महीने तक चलने वाला यह उत्सव काशी की जीवंतता का प्रमाण बनेगा और शहर को आधुनिक कला तथा वैश्विक संवाद के प्रमुख केंद्र के रूप में स्थापित करने में मदद करेगा। बीएचयू के भारत कला भवन, अहिवासी गैलरी, ज्ञान प्रवाह, पेशवा हवेली संग्रहालय, नागरी प्रचारिणी सभा और नमो घाट सहित विभिन्न स्थलों पर प्रदर्शनियों, फिल्मों, वस्त्र, शिल्प और साहित्य के जरिए काशी की विरासत को नए दृष्टिकोण से प्रस्तुत किया जा रहा है। मां गंगा की गोद में आयोजित ‘रिवर राग’ भी इस उत्सव का हिस्सा है।

पाणिनि, सुश्रुत और तुलसीदास की विरासत का उल्लेख

योगी आदित्यनाथ ने काशी की ऐतिहासिक और सांस्कृतिक विरासत का उल्लेख करते हुए मार्क ट्वेन के कथन को याद किया। उन्होंने कहा कि बौद्ध जातक कथाओं, पाणिनि की रचनाओं और ऋग्वेद में काशी के सूती वस्त्रों का उल्लेख मिलता है, जिनका प्राचीन काल में रोम और यूरोप के बाजारों तक निर्यात होता था।

उन्होंने महर्षि सुश्रुत, भगवान बुद्ध, भगवान पार्श्वनाथ, गोस्वामी तुलसीदास, संत कबीर, मुंशी प्रेमचंद, जयशंकर प्रसाद और भारतेंदु हरिश्चंद्र का उल्लेख करते हुए कहा कि काशी ने ज्ञान, साहित्य और समाज को दिशा दी है। उन्होंने यह भी कहा कि महामना मदन मोहन मालवीय ने 1916 में बीएचयू की स्थापना कर प्राचीन विरासत को आधुनिक शिक्षा से जोड़ा।

समारोह में ये रहे मौजूद

कार्यक्रम में सीआईआई बनारस बिनाले के अध्यक्ष माधव सिंघानिया, सीआईआई के महानिदेशक चंद्रजीत बनर्जी, बीएचयू के कुलपति प्रोफेसर अजीत कुमार चतुर्वेदी, सीआईआई उत्तरी क्षेत्र के अध्यक्ष पुनीत कौरा, प्रदेश सरकार के मंत्री अनिल राजभर, रवींद्र जायसवाल, दयाशंकर मिश्र ‘दयालु’, हंसराज विश्वकर्मा, विधायक डॉ. नीलकंठ तिवारी, अवधेश सिंह और महापौर सहित कलाकार, क्यूरेटर, विद्वान, शिल्पकार और गणमान्यजन उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button