
जौनपुर। प्रदेश के नगर विकास एवं ऊर्जा मंत्री और जौनपुर के प्रभारी मंत्री ए.के. शर्मा ने शनिवार को पुलिस लाइन स्थित सभागार में जिले में संचालित विकासपरक और जनकल्याणकारी योजनाओं की समीक्षा की। उन्होंने अधिकारियों को शासन की प्राथमिकताओं के अनुरूप संवेदनशीलता और जवाबदेही के साथ काम करने तथा विकास कार्यों को गुणवत्तापूर्ण ढंग से तय समय में पूरा कराने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सरकारी योजनाओं का लाभ हर पात्र व्यक्ति तक पहुंचना चाहिए।
बिजली व्यवस्था सुधारने पर जोर
विद्युत व्यवस्था की समीक्षा के दौरान मंत्री ने शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में निर्बाध एवं गुणवत्तापूर्ण बिजली आपूर्ति सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने ट्रांसफार्मरों की क्षमता बढ़ाने, जर्जर तारों और खंभों को बदलने तथा खराब ट्रांसफार्मरों से जुड़ी शिकायतों का निर्धारित समय-सीमा में निस्तारण करने के निर्देश दिए। किसानों की सिंचाई जरूरतों के लिए पर्याप्त बिजली उपलब्ध कराने पर भी जोर दिया। इस दौरान उन्होंने जनप्रतिनिधियों से बिजली व्यवस्था को लेकर फीडबैक लिया।
स्वच्छता और पेयजल परियोजनाओं की समीक्षा
नगर विकास मंत्री ने नगरीय निकायों में सफाई व्यवस्था बेहतर बनाने के निर्देश दिए। उन्होंने सार्वजनिक शौचालयों, बस स्टेशनों और अन्य सार्वजनिक स्थलों पर विशेष अभियान चलाकर साफ-सफाई कराने तथा पेट्रोल पंपों के शौचालयों को भी स्वच्छ और उपयोग योग्य बनाए रखने को कहा।
जल जीवन मिशन के तहत ग्रामीण पेयजल परियोजनाओं की अपेक्षित प्रगति न मिलने पर उन्होंने नाराजगी जताई। संबंधित अधिकारियों को काम में तेजी लाकर हर घर तक नल से स्वच्छ पेयजल पहुंचाने के निर्देश दिए। जल निगम की परियोजनाओं के लिए खोदी गई सड़कों को भी जल्द आवागमन योग्य बनाने को कहा।
किसानों और धान खरीद की व्यवस्थाओं पर निर्देश
कृषि विभाग की योजनाओं की समीक्षा करते हुए मंत्री ने बीज और उर्वरकों की पर्याप्त उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा। उन्होंने प्रधानमंत्री किसान सम्मान निधि, फसल बीमा योजना सहित अन्य किसान कल्याणकारी योजनाओं का लाभ सभी पात्र किसानों तक पहुंचाने के निर्देश दिए।
धान खरीद की समीक्षा के दौरान उन्होंने सभी क्रय केंद्रों पर पर्याप्त बोरे और किसानों के लिए जरूरी सुविधाएं उपलब्ध कराने को कहा। सिंचाई विभाग को निर्धारित रोस्टर के अनुसार नहरों में टेल तक पानी पहुंचाने के निर्देश भी दिए।
स्वास्थ्य सेवाओं और सड़क निर्माण पर ध्यान
स्वास्थ्य सेवाओं की समीक्षा में मंत्री ने डेंगू प्रभावित मरीजों की जानकारी ली। उन्होंने जिला अस्पताल, सामुदायिक और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्रों पर डॉक्टरों, दवाओं और बेहतर स्वास्थ्य सेवाओं की उपलब्धता सुनिश्चित करने को कहा। गर्भवती महिलाओं की नियमित जांच, संस्थागत प्रसव और जननी सुरक्षा योजना का लाभ पात्र महिलाओं तक पहुंचाने पर भी जोर दिया।
उन्होंने सड़क निर्माण, चौड़ीकरण और गड्ढामुक्ति के कार्य शीघ्र पूरे कराने के निर्देश दिए, ताकि शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में आवागमन बेहतर हो सके। पुलिस विभाग को यातायात व्यवस्था अधिक सुगम और व्यवस्थित बनाने को कहा।
मंत्री ने समाज कल्याण समेत लाभार्थीपरक योजनाओं से जुड़े विभागों को निर्देश दिए कि योजनाओं के क्रियान्वयन में लापरवाही न हो और कोई भी पात्र व्यक्ति सरकारी लाभ से वंचित न रहे।
बैठक में ये रहे मौजूद
बैठक में विधायक शाहगंज रमेश सिंह, विधायक मड़ियाहूं डॉ. आर.के. पटेल, विधान परिषद सदस्य बृजेश सिंह प्रिंसू, भाजपा जिलाध्यक्ष जौनपुर अजय प्रजापति, मछलीशहर जिलाध्यक्ष डॉ. अजय सिंह, जिलाधिकारी उमेश मिश्र, पुलिस अधीक्षक डॉ. यशवीर सिंह, मुख्य विकास अधिकारी नरेन्द्र बहादुर सिंह, मुख्य चिकित्साधिकारी डॉ. गंगाराम गौतम सहित जनप्रतिनिधि और जिलास्तरीय अधिकारी मौजूद रहे।



