
उत्तराखंड शासन ने प्रशासनिक व्यवस्था को अधिक प्रभावी बनाने के लिए बड़ा फेरबदल किया है। कार्मिक एवं सतर्कता विभाग की ओर से जारी तबादला सूची में कुल 10 अधिकारियों को नई जिम्मेदारी सौंपी गई है। इनमें 5 आईएएस और 5 पीसीएस अधिकारी शामिल हैं। इस बदलाव के तहत नैनीताल और अल्मोड़ा जिलों के जिलाधिकारी भी बदल दिए गए हैं।
अंशुल सिंह बने नैनीताल के नए DM
तबादला सूची के अनुसार, IAS ललित मोहन रयाल को नैनीताल के जिलाधिकारी पद से हटाकर शासन में तैनाती दी गई है। अब वह मुख्यमंत्री के अपर सचिव के साथ अपर सचिव (कार्मिक एवं सतर्कता विभाग) की जिम्मेदारी भी संभालेंगे।
वहीं, अब तक अल्मोड़ा के जिलाधिकारी रहे IAS अंशुल सिंह को नैनीताल का नया DM बनाया गया है। IAS दीप्ति सिंह को अल्मोड़ा का जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है।
इसके अलावा कुमाऊं मंडल विकास निगम के प्रबंध निदेशक IAS विनीत तोमर को उनके मौजूदा पदों के साथ जिला विकास प्राधिकरण, नैनीताल के उपाध्यक्ष का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। IAS निधि यादव को अपर सचिव के साथ निदेशक (खेल एवं युवा कल्याण विभाग) की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
पांच PCS अधिकारियों को भी नई जिम्मेदारी
शासन ने पांच पीसीएस अधिकारियों के कार्यक्षेत्र में भी बदलाव किया है। इसके तहत कृष्ण कुमार मिश्र को हरिद्वार का नया अपर जिलाधिकारी (ADM) बनाया गया है, जबकि वैभव गुप्ता को देहरादून का अपर जिलाधिकारी नियुक्त किया गया है।
पंकज कुमार उपाध्याय को ADM हरिद्वार का अतिरिक्त प्रभार दिया गया है। सीमा विश्वकर्मा को नैनीताल में डिप्टी कलेक्टर और सुधीर कुमार को अल्मोड़ा में डिप्टी कलेक्टर की जिम्मेदारी सौंपी गई है।
शासन ने सभी स्थानांतरित अधिकारियों को तत्काल प्रभाव से नई तैनाती पर कार्यभार ग्रहण करने के निर्देश दिए हैं।



