हमारी सरकार ने प्रदेश में स्थापित की है सुशासन , पारदर्शिता व विकास की कार्यसंस्कृति : योगी आदित्य नाथ

कुशीनगर । प्रदेश सरकार के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने आज कसया कस्बे से ग्यारह किमी की दूरी पर कसया – रामकोला मार्ग पर स्थित टेकुआटार में आयोजित एक जनसभा में सवा पाँच सौ करोड़ रुपये ( ₹525 करोड़ )की लागत से तैयार एवं प्रस्तावित 464 विकास परियोजनाओं के लोकार्पण एवं शिलान्यास की औपचारिकता रिमोट कस बटन दबाकर पूरी की ।  इस अवसर पर उन्होंने जनपद एवं पूर्वांचल के समग्र विकास से जुड़ी कई महत्वपूर्ण घोषणाएं करते हुए प्रदेश सरकार की विकासोन्मुखी नीतियों एवं जनकल्याणकारी योजनाओं की चर्चा की । मुख्यमंत्री ने कहा कि उनकी सरकार ने विगत वर्षों में सुशासन, पारदर्शिता एवं विकास की कार्यसंस्कृति को स्थापित की है और उत्तर प्रदेश को नई पहचान दिलाने में सफल साबित हुई है। उन्होंने कहा कि आज प्रदेश निवेश, औद्योगिक विकास, आधारभूत संरचना, पर्यटन, चिकित्सा एवं शिक्षा के क्षेत्र में निरंतर नई उपलब्धियां अर्जित कर रहा है।

 मुख्यमंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार का उद्देश्य समाज के अंतिम व्यक्ति तक विकास योजनाओं का लाभ पहुंचाना है। सड़क, विद्युत, स्वास्थ्य, शिक्षा, आवास, पेयजल एवं अन्य मूलभूत सुविधाओं का विस्तार बिना किसी भेदभाव के किया जा रहा है तथा प्रत्येक पात्र व्यक्ति तक शासन की योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा रहा है। श्री योगी ने प्रदेश की कानून व्यवस्था में हुए सुधार का जिक्र करते हुए कहा कि वर्तमान सरकार ने अपराध एवं माफिया तंत्र के विरुद्ध प्रभावी कार्रवाई कर प्रदेश में सुरक्षित एवं निवेदन हेतु अनुकूल वातावरण तैयार किया है। बेहतर कानून व्यवस्था के कारण प्रदेश में निवेश एवं रोजगार के नए अवसर सृजित हुए हैं। उन्होंने पूर्वी उत्तर प्रदेश में इंसेफेलाइटिस नियंत्रण की दिशा में किए गए प्रयासों की चर्चा करते हुए कहा कि स्वास्थ्य सेवाओं के सुदृढ़ीकरण, मेडिकल कॉलेजों की स्थापना, व्यापक टीकाकरण एवं स्वच्छता अभियानों के परिणामस्वरूप इस बीमारी से होने वाली मृत्यु दर में उल्लेखनीय कमी आई है। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार गरीबों के सम्मानजनक जीवन हेतु निरंतर कार्य कर रही है। पात्र परिवारों को निःशुल्क राशन, प्रधानमंत्री आवास योजना के अंतर्गत आवास, उज्ज्वला योजना के तहत गैस कनेक्शन, आयुष्मान भारत योजना के माध्यम से निःशुल्क उपचार तथा विभिन्न स्वरोजगार योजनाओं का लाभ उपलब्ध कराया जा रहा है।

अपने संबोशन के दौरान मुख्यमंत्री ने कसया – रामकोला मार्ग के निर्माण की स्थानीय जनप्रतिनिधियों एवं नागरिकों की मांग का जिक्र करते हुए कहा कि इस मार्ग का निर्माण कार्य शीघ्र प्रारंभ कराया जाएगा, जिससे क्षेत्र की आवागमन व्यवस्था और अधिक सुगम एवं सुरक्षित होगी। उन्होंने कुशीनगर इंटरनेशनल एयरपोर्ट को नियमित हवाई सेवा से जोड़ने में हुए विलंब की चर्चा करते हुए कहा कि पश्चिम एशिया में उत्पन्न परिस्थितियों के कारण नियमित विमान सेवाओं के संचालन में विलंब हुआ है, किन्तु शीघ्र ही यहां से नियमित उड़ानों का संचालन प्रारंभ किया जाएगा। उन्होंने कहा कि भविष्य में कुशीनगर को गया एवं जेवर एयरपोर्ट से भी जोड़ा जाएगा, जिससे बौद्ध पर्यटन, व्यापार और स्थानीय अर्थव्यवस्था को नई गति मिलेगी।

मुख्यमंत्री ने यह भी कहा कि कुशीनगर में स्थापित कृषि विश्वविद्यालय का शीघ्र शुभारम्भ किया जाएगा। उन्होंने विश्वास व्यक्त किया कि यह विश्वविद्यालय आधुनिक कृषि तकनीक, अनुसंधान, उन्नत कृषि शिक्षा एवं किसानों के प्रशिक्षण का महत्वपूर्ण केंद्र बनेगा तथा किसानों की आय वृद्धि में सहायक सिद्ध होगा। मुख्यमंत्री श्री योगी ने अपने संबोधन के दौरान नारायणी नदी के दियारा क्षेत्र के विकास की भी चर्चा की और  कहा कि करीब आठ सौ करोड़ रुपये ( ₹800 करोड़ ) की लागत से प्रस्तावित पुल निर्माण परियोजना की विस्तृत परियोजना रिपोर्ट (डीपीआर) तैयार की जा रही है। पुल के निर्माण से दियारा क्षेत्र के गांव शिक्षा, स्वास्थ्य, कृषि, व्यापार एवं आवागमन की बेहतर सुविधाओं से जुड़ेंगे तथा क्षेत्र के समग्र विकास को नई गति मिलेगी। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार विकास, सुशासन एवं जनकल्याण के संकल्प के साथ कार्य कर रही है तथा पूर्वांचल सहित पूरे उत्तर प्रदेश को विकास की नई ऊंचाइयों तक पहुंचाने के लिए प्रतिबद्ध है।

उन्होंने लोगों को भरोसा दिलस्या कि प्रदेश सरकार का लक्ष्य प्रत्येक गांव, प्रत्येक किसान, प्रत्येक युवा एवं प्रत्येक जरूरतमंद व्यक्ति तक विकास का लाभ पहुंचाना है तथा इसी संकल्प के साथ हम निरंतर प्रगति के पथ पर अग्रसर हैं ।  इस जनसभा में जनपद के प्रभारी मंत्री दारा सिंह चौहान, राज्य सभा सदस्य कुंअर आरपीएन सिंह, क्षेत्रीय सांसद विजय कुमार दुबे,  गोरखपुर के सांसद रविकिशन ने भी अपने विचार व्यक्त किये ।

 मुख्यमंत्री ने इस अवदर पर आयोजित विकास प्रदर्शनी का अवलोकन किया और कई बच्चोनो को अन्न अन्नप्राशन कराया । इस क्रम में उन्होंने विभिन्न योजनाओं के लाभार्थियों को  स्वीकृति पत्र एवं चेक भी प्रदान किये । साथ ही  110 एवं 104 वर्ष की आयु पूरी कर चुके दो वरिष्ठ नागरिकों को सम्मनित भी किया । कार्यक्रम में कुशीनगर के विधायक पीएन पाठक, तमकुहीराज के विधायक डॉ. असीम राय, पडरौना के विधायक मनीष जायसवाल, रामकोला के विधायक विनय प्रकाश गौंड,  खड्डा के विधायक विवेकानंद पांडेय, हाटा के विधायक मोहन वर्मा, पूर्व विधायक जगदीश मिश्र उर्फ बाल्टी बाबा, राजेश्वर सिंह, गौ सेवा आयोग के उपाध्यक्ष अतुल सिंह, एमएलसी रतनपाल सिंह,पिछड़ा वर्ग आयोग के सदस्य फुलबदन कुशवाहा, जिला पंचायत अध्यक्ष सावित्री जायसवाल, भाजपा के जिलाध्यक्ष दुर्गेश राय,  जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर, पुलिस अधीक्षक केशव कुमार, मुख्य विकास अधिकारी, अपर जिलाधिकारी आदि के अलावा अन्य जनपद स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।

Related Articles

Back to top button