ग्रेटर नोएडा में गंग नहर में बच्ची डूबी, एनडीआरएफ ने तलाश के लिए सर्च ऑपरेशन शुरू किया

नोएडा। ग्रेटर नोएडा के दनकौर रेलवे स्टेशन के पास गंग नहर में मंगलवार सुबह 8 बजे नहाते समय एक आठ वर्षीय बच्ची डूब गई। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय पुलिस और राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया बल (एनडीआरएफ) की टीम मौके पर पहुंची और बच्ची की तलाश के लिए व्यापक सर्च अभियान शुरू कर दिया।

जानकारी के अनुसार, दनकौर रेलवे स्टेशन के समीप झोपड़ी में रहने वाले संतोष की आठ वर्षीय बेटी ममता मंगलवार सुबह करीब नौ बजे घर से कुछ दूरी पर स्थित गंग नहर में नहाने गई थी। प्रत्यक्षदर्शियों ने बताया कि ममता पहले नहर किनारे नहा रही थी, लेकिन अचानक उसका संतुलन बिगड़ गया और वह गहरे पानी में चली गई। नहर के तेज बहाव के कारण वह देखते ही देखते लापता हो गई। राहगीरों ने घटना की जानकारी परिजनों को दी। परिवार के लोग तत्काल मौके पर पहुंचे, जहां उन्हें नहर किनारे बच्ची के कपड़े रखे मिले, लेकिन ममता का कोई सुराग नहीं लगा। इसके बाद परिजनों और स्थानीय लोगों ने अपने स्तर पर काफी देर तक तलाश की, लेकिन उन्हें सफलता नहीं मिली।

घटना की सूचना तत्काल पुलिस को दी गई। दनकौर पुलिस मौके पर पहुंची और एनडीआरएफ की टीम को बुलाया गया। एनडीआरएफ के गोताखोरों और बचावकर्मियों ने गंग नहर के विभिन्न हिस्सों में बच्ची की तलाश के लिए सघन अभियान चलाया। पुलिस अधिकारियों ने बताया कि एनडीआरएफ की टीम लगातार सर्च ऑपरेशन चला रही है। आसपास के थानों और संबंधित अधिकारियों को भी सूचना दे दी गई है। बच्ची की तलाश के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं।

Related Articles

Back to top button