गाजियाबाद 17 जुलाई। श्रावण मास की कांवड़ यात्रा को सुरक्षित और सुव्यवस्थित बनाने के लिए मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ ने शुक्रवार को गाजियाबाद के कलेक्ट्रेट स्थित महात्मा गांधी सभागार में मेरठ और सहारनपुर मंडल के प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारियों के साथ तैयारियों की समीक्षा की। उन्होंने स्पष्ट कहा कि यात्रा के दौरान सुरक्षा व्यवस्था में किसी भी तरह की लापरवाही स्वीकार नहीं की जाएगी। सोशल मीडिया पर अफवाह फैलाने वालों के खिलाफ तत्काल और सख्त कार्रवाई करने के निर्देश भी दिए।
मुख्यमंत्री ने अधिकारियों से कहा कि कांवड़ यात्रा शुरू होने से पहले सभी तैयारियां पूरी कर ली जाएं। यात्रा मार्गों पर पर्याप्त पुलिस बल की तैनाती, सीसीटीवी कैमरों की व्यवस्था और ड्रोन से लगातार निगरानी सुनिश्चित की जाए। साथ ही मंडलायुक्तों को नियमित रूप से व्यवस्थाओं की समीक्षा करने के निर्देश दिए गए।
सीएम योगी ने दिल्ली, उत्तराखंड, हरियाणा, पंजाब और राजस्थान सहित पड़ोसी राज्यों के अधिकारियों के साथ लगातार समन्वय बनाए रखने पर भी जोर दिया। उन्होंने कहा कि डीजे की आवाज तय मानकों के भीतर रहे और कांवड़ की ऊंचाई निर्धारित सीमा से अधिक न हो, ताकि यातायात प्रभावित न हो। इसके लिए कांवड़ समितियों, निर्माताओं और डीजे संचालकों से लगातार संवाद बनाए रखने को कहा गया।
मुख्यमंत्री ने लोक निर्माण और सिंचाई विभाग को यात्रा मार्गों को गड्ढामुक्त करने, झाड़ियों की सफाई कराने और पूरे रास्ते स्वच्छता बनाए रखने के निर्देश दिए। कांवड़ शिविरों में पेयजल, शौचालय, स्ट्रीट लाइट, बिजली, साफ-सफाई और सात्विक भोजन जैसी आवश्यक सुविधाएं उपलब्ध कराने पर विशेष जोर दिया गया।
उन्होंने यह भी निर्देश दिया कि कांवड़ यात्रा मार्ग पर मांस और शराब की सभी दुकानें बंद रहें और इसकी नियमित निगरानी की जाए। परिवहन विभाग को नशे में वाहन चलाने वालों पर सख्ती करने तथा बिजली विभाग को ट्रांसफार्मरों और विद्युत लाइनों की लगातार निगरानी रखने के निर्देश दिए, ताकि किसी भी प्रकार की अप्रिय घटना से बचा जा सके।
बैठक में मुख्यमंत्री ने जनप्रतिनिधियों के साथ बेहतर समन्वय बनाए रखने, स्थानीय समस्याओं का तत्काल समाधान करने और सूचना विभाग के माध्यम से स्वागत द्वार, जनजागरूकता होर्डिंग तथा सरकारी योजनाओं के प्रचार-प्रसार की भी व्यवस्था सुनिश्चित करने को कहा। समीक्षा बैठक में मेरठ और सहारनपुर मंडल के वरिष्ठ प्रशासनिक एवं पुलिस अधिकारी मौजूद रहे।



