
कुशीनगर । आज पड़रौना नगर पालिका परिषद द्वारा नगर के विकास एवं जनसुविधाओं को और बेहतर बनाने हेतु क्रय किये गये नये वाहनों एवं आधुनिक मशीनों का विधिवत पूजन एवं लोकार्पण किया गया । जलकल परिसर में आयोजित कार्यक्रम में नगर पालिका अध्यक्ष विनय जायसवाल ने दो स्काई लेडर वाहन, दो कूड़ा लोडिंग डम्पर एवं दो सीवर सेफ्टी मशीनों का वैदिक मंत्रोच्चार के बीच पूजन करने के बाद उन्हें नगर की सेवा हेतु समर्पित किया । इस अवसर पर उन्होंने कहा कि इन आधुनिक संसाधनों के शामिल होने से नगर में स्वच्छता व्यवस्था, सीवर सफाई कार्य एवं आपातकालीन सेवाओं को और अधिक प्रभावी एवं सुगम बनाया जा सकेगा।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ के मार्गदर्शन एवं आशीर्वाद से पडरौना नगर निरंतर विकास के पथ पर अग्रसर है। नगरवासियों को बेहतर नागरिक सुविधाएं उपलब्ध कराना नगर पालिका परिषद की सर्वोच्च प्राथमिकता है। नये वाहनों एवं मशीनों के संचालन से सफाई व्यवस्था को मजबूती मिलेगी तथा कर्मचारियों की कार्यक्षमता और सुरक्षा में भी वृद्धि होगी। नगर पालिका अध्यक्ष श्री जायसवाल ने कहा कि आधुनिक तकनीक और संसाधनों से सुसज्जित नगर पालिका परिषद पूरे नगर क्षेत्र को स्वच्छ, सुरक्षित एवं विकसित बनाने के लिए निरंतर कार्य कर रही है। आने वाले समय में भी जनहित से जुड़े विकास कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर आगे बढ़ाया जाएगा।
इस कार्यक्रम में नगरपालिका के अनिल जायसवाल, मोनू सिंह, श्याम साहा, रामआश्रय गौतम,छोटेलाल कुशवाहा,गोलू सहित महेंद्र चौधरी , मनोज सिंह, बृजेश शर्मा, सन्नी मिश्रा राजेश जायसवाल, संतोष चौहान मंथन सिंह मृतुन्जय दीक्षित अनिल पाण्डेय भोला साहा अजय शर्मा आदि सभासद तथा नगर अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।



