जिलाधिकारी ने दिया पड़रौना शहर के सुभाष चौक पर सड़क को चौड़ा बनाने का निर्देश

कुशीनगर । जिलाधिकारी महेंद्र सिंह तंवर की अध्यक्षता में आज कलेक्ट्रेट सभागार में जिला सड़क सुरक्षा समिति की बैठक सम्पन्न हुई। बैठक के दौरान जिलाधिकारी ने लोक निर्माण विभाग के अधिकारियों से पड़रौना नगर के सुभाष चौक पर वाहनों के अत्यधिक दबाव एवं भीड़  ज्यादा होने के कारण दुर्घटनाओं की अधिक संभावना होने की समस्या पर ध्यान देने की अपेक्षा की । उन्होंने कहा कि इस समस्या का स्थायी समाधान किया जाना चाहिए ।  जिलाधिकासरी ने इस स्थिति के मद्देनजर सड़क को चौड़ा करने की कार्ययोजना तत्काल तैयार किये जाने और इसके साथ ही बाईपास मार्ग विकसित करने का निर्देश दिया । उन्होंने कहा कि स्थित के अनुरूप ब्यवस्था  आवश्यक होती है । इसलिए यह कार्य प्राथमिकता के आधार पर किया जाना चाहिए ।

इस बैठक में अपर जिलाधिकारी ( वित्त एवं राजस्व ) वैभव मिश्रा, लोनिवि के स्थानीय प्रान्तीय खण्ड के अधिशासी अभियंता तेज प्रताप , उनके सहायक अभियन्ता ,  राष्ट्रीय राजमार्ग के गोरखपुर खण्ड के सहायक अभियन्ता ,  राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण के साइट इंजीनियर, सहायक क्षेत्रीय प्रबन्धक (रोडवेज), सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी (एआरटीओ) सहित समिति से संबंधित सभी विभागों के अधिकारियों ने प्रतिभाग किया। बैठक में पावर प्वाइंट प्रेजेंटेशन (पीपीटी) के माध्यम से प्रस्तुत रिपोर्ट की समीक्षा की गई । बैठक में सहायक सम्भागीय परिवहन अधिकारी द्वारा अवगत कराया गया कि माननीय उच्चतम न्यायालय के निर्देशों के अनुपालन में विद्यालयी वाहनों के विरुद्ध विशेष प्रवर्तन अभियान चलाया जा रहा है। जनपद में चिन्हित 170 अनफिट स्कूली वाहनों में से 60 वाहनों को फिटनेस प्रमाण-पत्र जारी किया जा चुका है, जबकि शेष 110 वाहनों के फिटनेस परीक्षण हेतु नोटिस जारी किए गए हैं। इस पर जिलाधिकारी ने निर्देश दिया कि शेष सभी 110 अनफिट वाहनों का फिटनेस परीक्षण तत्काल कराया जाए। यदि निर्धारित समयावधि में वाहन स्वामियों द्वारा फिटनेस प्रमाण-पत्र प्राप्त नहीं किया जाता है , तो ऐसे वाहनों की सूची तैयार कर पुलिस विभाग को आवश्यक वैधानिक कार्रवाई हेतु उपलब्ध कराई जाए।

 जिलाधिकारी ने कहा कि किसी भी स्थिति में कोई भी अनफिट स्कूली वाहनों का सड़क पर संचालन कदापि नहीं होने दें । यदि किसी अनफिट स्कूली वाहन में बच्चे सवार हों , तो उनकी सुरक्षा को प्राथमिकता देते हुए पहले बच्चों को सुरक्षित गंतव्य तक पहुँचाया जाए, तत्पश्चात संबंधित वाहन के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करते हुए उसे जब्त किया जाए। उन्होंने चिकित्सा विभाग के अधिकारियों को निर्देशित किया कि वाहन चालकों एवं परिचालकों के नेत्र परीक्षण हेतु प्रत्येक माह नियमित रूप से स्वास्थ्य शिविर आयोजित किए जाएँ, जिससे सड़क दुर्घटनाओं में कमी लाई जा सके।

बैठक में सड़क सुरक्षा से संबंधित अन्य बिंदुओं पर भी विस्तृत समीक्षा की गई तथा संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए गए। जिलाधिकारी श्री तंवर ने सभी अधिकारियों का समन्वित रूप से कार्य करते हुए जनपद में सुरक्षित एवं सुगम यातायात व्यवस्था सुनिश्चित कराने का आह्वान किया ।

Related Articles

Back to top button