
खड्डा/कुशीनगर। हनुमानगंज थानाक्षेत्र के ग्रामसभा जिंदाछपरा के स्कूल टोला में बुधवार दोपहर को उस समय सनसनी फैल गई, जब खेतों के बीच स्थित एक लीची के पेड़ पर प्रेमी युगल के शव फंदे से लटकते मिले। सूचना मिलते ही मौके पर ग्रामीणों की भारी भीड़ जुट गई। पुलिस ने दोनों शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया है और मामले की सभी पहलुओं से जांच शुरू कर दी है।
मृतकों की पहचान रितेश भारती पुत्र दयानिधि भारती (उम्र 22 वर्ष) निवासी ग्राम सभा जिंदाछपरा तथा पूजा शर्मा पुत्री गोपाल शर्मा ( उम्र 20 वर्ष) निवासी खड्डा नगर के रूप में हुई है। परिजनों और स्थानीय लोगों के अनुसार रितेश और पूजा एक साथ खड्डा के एक स्कूल में पढ़ते थे। इसी दौरान दोनों के बीच प्रेम संबंध शुरू हुआ। उस समय पूजा हाईस्कूल (कक्षा 10) की छात्रा थी। दिसंबर माह में दोनों घर से फरार हो गए थे। हालांकि एक दिन बाद दोनों वापस लौट आए, जिसके बाद मामला हनुमानगंज थाने पहुंचा। वहां दोनों पक्षों के बीच समझौता कराया गया और युवती को उसके परिवार के साथ भेज दिया गया।बताया जा रहा है कि बाद में दोनों परिवारों की सहमति बनने पर जनवरी माह में दोनों ने कोर्ट मैरिज कर ली। इसके बाद पूजा करीब पांच महीने से रितेश के घर रह रही थी। रितेश के पिता दयानिधि भारती गोरखपुर में राजगीर (मिस्त्री) का कार्य करते हैं। घटना के समय रितेश के घर पर केवल उसके दादा-दादी मौजूद थे। परिजनों के अनुसार रितेश गांव से बाहर जाने की बात कहकर निकला था। कुछ देर बाद ग्रामीणों ने खेतों के बीच स्थित लीची के पेड़ पर दोनों के शव फंदे से लटकते देखे और इसकी सूचना पुलिस को दी। घटना की जानकारी मिलते ही हनुमानगंज थाने की पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को नीचे उतरवाकर कब्जे में लिया। पुलिस ने घटनास्थल का निरीक्षण करते हुए साक्ष्य जुटाए हैं। फिलहाल प्रथम दृष्टया मामला आत्महत्या का प्रतीत हो रहा है, लेकिन पुलिस हत्या और आत्महत्या दोनों पहलुओं को ध्यान में रखते हुए जांच कर रही है।



