यूपी विधानसभा के मानसून सत्र में पहली बार पूर्ण रूप से गूंजेगा ‘वंदे मातरम्’

उत्तर प्रदेश विधानसभा का मानसून सत्र सोमवार से शुरू होने जा रहा है। सत्र की पूर्व संध्या पर विधानसभा अध्यक्ष सतीश महाना ने कहा कि यह सत्र कई मायनों में महत्वपूर्ण रहेगा, क्योंकि पहली बार सदन की कार्यवाही के दौरान ‘वंदे मातरम्’ गीत का पूर्ण रूप से गायन किया जाएगा। उन्होंने बताया कि इस संबंध में भारत सरकार की ओर से अधिसूचना भी जारी की गई है।

सतीश महाना ने कहा कि यह विधानसभा का पहला ऐसा सत्र होगा, जिसमें ‘वंदे मातरम्’ का संपूर्ण गायन होगा। उन्होंने इसे ऐतिहासिक अवसर बताते हुए सभी सदस्यों से गरिमा और अनुशासन बनाए रखने की अपेक्षा जताई।

विधानसभा अध्यक्ष ने कहा कि लोकतांत्रिक व्यवस्था में सहमति और असहमति दोनों का अपना महत्व है। उन्होंने कहा कि स्वस्थ चर्चा और परिचर्चा ही लोकतंत्र को मजबूत बनाती है। सभी जनप्रतिनिधियों को अपनी बात प्रभावी और मर्यादित ढंग से सदन में रखनी चाहिए।

उन्होंने सदन के सभी सदस्यों से आग्रह किया कि वे ऐसा कोई व्यवहार या आचरण न करें, जो विधानसभा की गरिमा के प्रतिकूल हो या जिससे जनता के बीच गलत संदेश पहुंचे। महाना ने कहा कि सदन की कार्यवाही लोकतांत्रिक मूल्यों और संसदीय परंपराओं के अनुरूप संचालित होनी चाहिए।

Related Articles

Back to top button