बरेली। उर्स-ए-रज़वी (6 से 8 अगस्त) के अवसर पर दरगाह आला हज़रत/ताजुश्शरिया की ओर से शिक्षा और स्वास्थ्य के क्षेत्र में बड़ी सामाजिक पहल की घोषणा की गई है। संस्था के हेड ऑफिस में आयोजित बैठक में जमात रज़ा-ए-मुस्तफ़ा के राष्ट्रीय महासचिव एवं आला हज़रत ताजुश्शरिया सोसाइटी के संस्थापक फरमान हसन ख़ान (फरमान मियां) ने बताया कि इस वर्ष आर्थिक रूप से कमजोर एवं मेधावी 200 विद्यार्थियों को NEET और JEE की निशुल्क कोचिंग दी जाएगी। इच्छुक छात्र-छात्राएं 7060100364 पर संपर्क कर पंजीकरण करा सकते हैं।
फरमान मियां ने बताया कि कक्षा 6 से 12 तक के सीबीएसई, यूपी बोर्ड और आईसीएसई के जरूरतमंद विद्यार्थियों को भी निशुल्क शैक्षणिक सहयोग उपलब्ध कराया जाएगा। उन्होंने कहा कि संस्था का उद्देश्य आर्थिक अभाव के कारण किसी भी प्रतिभाशाली छात्र की पढ़ाई प्रभावित न होने देना है।
उन्होंने कहा कि बरेली की पहचान केवल धार्मिक नगरी ही नहीं, बल्कि इल्म की धरती के रूप में भी है। संस्था चाहती है कि युवा डॉक्टर, इंजीनियर, वैज्ञानिक और प्रशासनिक अधिकारी बनकर समाज व देश की सेवा करें।
बैठक में स्वास्थ्य सेवा के तहत गरीब एवं जरूरतमंद मरीजों के लिए निःशुल्क ऑपरेशन अभियान चलाने की भी घोषणा की गई। इसके अंतर्गत मोतियाबिंद, पित्त की पथरी, हर्निया तथा महिलाओं से संबंधित विभिन्न बीमारियों के ऑपरेशन निजी अस्पतालों में कराए जाएंगे। पंजीकरण दरगाह ताजुश्शरिया और किला स्थित कार्यालय में कराया जा सकेगा।
बैठक में सैयद जसीम, समरान खान सहित संस्था के अनेक पदाधिकारी एवं कार्यकर्ता उपस्थित रहे। शिक्षा और स्वास्थ्य से जुड़ी इस पहल का विभिन्न वर्गों ने स्वागत किया है।



