वाराणसी। रेलवे सुरक्षा बल (आरपीएफ) बनारस ने ‘ऑपरेशन अमानत’ के तहत एक फ्रांसीसी यात्री का ट्रेन में छूटा टैबलेट (ई-बुक) खोजकर उसे सकुशल वापस सौंप दिया। अपना सामान वापस मिलने पर विदेशी यात्री ने आरपीएफ की ईमानदारी और भारत की सेवा भावना की मुक्त कंठ से सराहना की।
आरपीएफ के अनुसार शुक्रवार को फ्रांस के पेरिस निवासी अल्बर्टिनी एम्बाक (Ambach Albertini) बनारस आरपीएफ पोस्ट पहुंचे। उन्होंने बताया कि आगरा से बनारस तक की यात्रा के दौरान गाड़ी संख्या 20178 के कोच सी-4, सीट संख्या 8 पर उनका टैबलेट छूट गया था, जिसकी सूचना उन्होंने रेलवे हेल्पलाइन 139 पर दर्ज कराई थी।
जांच के दौरान पता चला कि ओबीएचएस स्टाफ आकाश कुमार तथा हेड कांस्टेबल रामजीत को उक्त सीट पर टैबलेट मिला था, जिसे सुरक्षित रखते हुए आरपीएफ पोस्ट पर जमा करा दिया गया। आरपीएफ ने यात्री के पासपोर्ट और अन्य दस्तावेजों से पहचान का मिलान करने के बाद विधिवत सुपुर्दगीनामा तैयार कर टैबलेट उन्हें सौंप दिया।
यात्री के अनुसार टैबलेट की अनुमानित कीमत करीब 10 हजार रुपये है। सामान वापस मिलने पर उन्होंने आरपीएफ की तत्परता, ईमानदारी और भारतीय रेलवे की सेवा भावना की सराहना करते हुए आभार व्यक्त किया।



