
बड़हलगंज। थाना क्षेत्र के मरकरी गांव में शनिवार की रात जहर खाने से 26 वर्षीय विवाहिता की मौत हो गई। मृतका के पिता की तहरीर पर पुलिस ने पति समेत चार लोगों के खिलाफ दहेज हत्या समेत संबंधित धाराओं में मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस ने आरोपी पति को हिरासत में ले लिया है।
मरकरी गांव निवासी भीम यादव की पत्नी रानी (26) ने शनिवार की शाम करीब सात बजे संदिग्ध परिस्थितियों में जहरीला पदार्थ खा लिया। हालत बिगड़ने पर परिजन उसे बड़हलगंज स्थित एक निजी अस्पताल ले गए। जहां उपचार के दौरान रात करीब 1:30 बजे उसकी मौत हो गई।
अस्पताल से मिले मेमो के आधार पर पुलिस ने मजिस्ट्रेट की मौजूदगी में पंचायतनामा की कार्रवाई पूरी कर शव को पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। रानी की शादी करीब चार वर्ष पूर्व हुई थी।
मृतका के पिता वीरेंद्र यादव निवासी छपिया उमराव बड़हलगंज ने पुलिस को तहरीर देकर दहेज के लिए उत्पीड़न का आरोप लगाया। तहरीर के आधार पर पुलिस ने पति भीम यादव, सास सुमन, ननद पूजा और एक अन्य अज्ञात ननद के खिलाफ मुकदमा दर्ज किया है। पुलिस मामले की जांच कर रही है। घटना के बाद गांव में शांति व्यवस्था कायम है।



