वाराणसी। स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर शनिवार को वाराणसी में विभिन्न स्थानों पर देशभक्ति और राष्ट्रप्रेम का माहौल देखने को मिला। कलेक्ट्रेट परिसर में जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने ध्वजारोहण किया। ध्वजारोहण के बाद अधिकारियों और कर्मचारियों ने राष्ट्रगान गाया। जिलाधिकारी ने सभी को संविधान की शपथ दिलाते हुए देश के प्रति अपने कर्तव्यों और जिम्मेदारियों का निर्वहन करने का आह्वान किया।
समारोह के दौरान जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार ने कलेक्ट्रेट परिसर में पौधारोपण भी किया। उन्होंने पर्यावरण संरक्षण के प्रति जागरूकता का संदेश दिया। इस अवसर पर स्वतंत्रता संग्राम सेनानियों और शहीदों के परिजनों को सम्मानित किया गया। उनके त्याग और बलिदान को नमन करते हुए देश की आजादी में उनके योगदान को याद किया गया।
वहीं पुलिस लाइन में स्वतंत्रता दिवस समारोह के दौरान पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने पुलिसकर्मियों को स्वतंत्रता दिवस की बधाई दी। उन्होंने बाइक रैली को हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस दौरान उत्कृष्ट कार्य करने वाले पुलिसकर्मियों को सम्मानित किया गया।
काशी के प्रमुख चौराहों पर तैनात होंगी 100 नई फैंटम
पुलिस आयुक्त मोहित अग्रवाल ने बताया कि काशी के प्रमुख चौराहों और महत्वपूर्ण स्थानों पर 100 नई फैंटम बाइक तैनात की जाएंगी। इनका उद्देश्य आम लोगों को त्वरित पुलिस सहायता उपलब्ध कराना है। किसी समस्या या आपात स्थिति में लोगों को हर बार पुलिस चौकी या थाने तक जाने की जरूरत नहीं होगी, बल्कि फैंटम बाइक पर तैनात पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचकर सहायता उपलब्ध कराएंगे।
सीपी ने बताया कि फैंटम बाइक की ड्यूटी हर दो घंटे में रोटेट होती रहेगी। इससे शहर के प्रमुख क्षेत्रों में पुलिस की लगातार सक्रिय मौजूदगी बनी रहेगी और जरूरत पड़ने पर लोगों को तत्काल पुलिस सहायता मिल सकेगी।



