कप्तानगंज(कुशीनगर) । नगर में स्थित एक नामी हॉस्पिटल में नार्मल प्रसव के चार दिन बाद नवजात बच्ची की मौत हो जाने के बाद आक्रोशित परिजन हॉस्पिटल परिसर में धरने पर बैठ गए। जानकारी होने के बाद मौके पर पहुंचे डिप्टी सीएमओ व तहसीलदार स्थिति का मुआयना किया।देर शाम के बाद पीड़ित पैदल जिला मुख्यालय पर आवश्यक कार्यवाही की माँग करते हुए रवाना हो गए।
कप्तानगंज नगर में स्थित सच्चिदानंद हॉस्पिटल में बीस अगस्त को प्रसव हेतु रामकोला थाना क्षेत्र के परसौना निवासी अश्वनी मिश्रा अपनी 25 वर्षीय पत्नी मीनाक्षी को लेकर पहुंचे।नार्मल प्रसव के उपरांत जन्म ली बच्ची के स्वास्थ्य का हवाला देकर अस्पताल कर्मियों ने उसको एनआईसीयू में भर्ती कर लिया।जिसकी सोमवार को सुबह के समय मौत हो गई।घटना की सूचना के बाद परिजन समेत शुभचिंतक अस्पताल कर्मियों पर लापरवाही का आरोप लगाते हुए अस्पताल में ही धरने पर बैठ गए।जानकारी होने पर मौके पर पूर्व विधायक रामानंद बौद्ध,बंटी राव समेत तमाम सामाजिक जन मौके पर पहुंच कार्यवाही की माँग किया।घटना की जानकारी होने पर डिप्टी सीएमओ डॉ आरडी कुशवाहा, तहसीलदार चंदन शर्मा चिकित्सा अधिकारी डॉ सूर्यभान कुशवाहा ने हॉस्पिटल पहुंच पीड़ितों से बात किया आवश्यक कार्यवाही का आश्वासन दिया।लेकिन पीड़ित परिवार इस मामले पर कड़ी कार्यवाही की माँग को लेकर देर शाम तक मौके पर रुके रहे।समुचित कार्यवाही नहीं होने पर जिला मुख्यालय के लिए पैदल यात्रा पर निकल गए।इस संबंध में अस्पताल की वरिष्ठ चिकित्सक मोरी पाल ने बताया कि बच्ची का जन्म समय से पूर्व हो गया था।सात माह की बच्ची को दूध अधिक पी लेने के कारण उसकी स्थिति बिगड़ गई।जिसको काफी प्रयास के बाद भी बचाया नहीं जा सका।



