गरीब महोत्सव में सात जोड़ों का हुआ सामूहिक विवाह संपन्न

बड़हलगंज | बुधवार को मानव शिक्षा सेवा संस्था के तत्वावधान में आयोजित गरीब महोत्सव के तहत सात जोड़ों का सामूहिक विवाह समारोह संस्था के प्रबंधक आलोक कुमार गुप्ता के नेतृत्व में आयोजित किया गया।

समारोह में वैदिक एवं पारंपरिक रीति-रिवाजों के बीच सात जोड़े विवाह बंधन में बंधे। नवविवाहित जोड़ों ने एक-दूसरे का जीवनभर साथ निभाने का संकल्प लिया। वर-वधू पारंपरिक परिधानों में नजर आए। विवाह समारोह में मौजूद लोगों ने नवविवाहित जोड़ों को सुखी एवं मंगलमय वैवाहिक जीवन की शुभकामनाएं दीं।

मुख्य अतिथि भाजपा नेत्री श्रीमती पूनम गुप्ता रहीं, जबकि संस्था की अध्यक्ष प्रिया गुप्ता की भी गरिमामयी उपस्थिति रही। अतिथियों ने नवविवाहित जोड़ों को आशीर्वाद देते हुए मानव शिक्षा सेवा संस्था की इस पहल की सराहना की। अतिथियों ने कहा कि आर्थिक रूप से कमजोर और जरूरतमंद परिवारों के लिए सामूहिक विवाह जैसे आयोजन बड़ी राहत प्रदान करते है। इससे विवाह के खर्च का बोझ कम होता है और समाज में दहेज जैसी कुरीतियों के खिलाफ सकारात्मक संदेश भी जाता है। संस्था के पदाधिकारियों ने बताया कि गरीब एवं जरूरतमंद परिवारों को सहयोग देने के उद्देश्य से इस तरह के सामाजिक कार्यक्रम आगे भी आयोजित किए जाएंगे। समारोह में संस्था से जुड़े पदाधिकारी, कार्यकर्ता, वर-वधू के परिजन और बड़ी संख्या में लोग मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button