वाराणसी। बिहार के कैमूर-भभुआ से पत्नी के साथ बीएड में दाखिले के लिए वाराणसी आए कृष्णा पटेल का जेवरात और जरूरी दस्तावेजों से भरा बैग कैंट से पांडेयपुर जाते समय ऑटो में छूट गया। पांडेयपुर पहुंचने पर बैग गायब होने की जानकारी हुई तो उन्होंने तत्काल पांडेयपुर पुलिस चौकी पहुंचकर मामले की लिखित सूचना दी।
मामले की गंभीरता को देखते हुए चौकी प्रभारी दिनेश सिंह के नेतृत्व में एसआई करुणाशील, कांस्टेबल हिमांशु और कांस्टेबल अमरेश यादव समेत पुलिस टीम ने तत्काल छानबीन शुरू की। टीम ने ऑटो और उसके संभावित मार्ग के संबंध में जानकारी जुटाते हुए तलाश शुरू की।
पुलिस के लगातार प्रयास के बाद करीब छह घंटे के भीतर बैग बरामद कर लिया गया। बैग में रखे जेवरात, शैक्षणिक प्रमाणपत्र और अन्य जरूरी दस्तावेज सुरक्षित मिले। पुलिस ने बरामद सामान को विधिवत कृष्णा पटेल के सुपुर्द कर दिया।
सामान सुरक्षित वापस मिलने पर कृष्णा पटेल और उनकी पत्नी ने पांडेयपुर पुलिस टीम का आभार जताते हुए त्वरित कार्रवाई की सराहना की। कृष्णा पटेल ने बताया कि बैग में रखे शैक्षणिक दस्तावेज और जेवरात उनके लिए बेहद महत्वपूर्ण थे। इनके खो जाने से उन्हें काफी परेशानी का सामना करना पड़ सकता था।
पुलिस की तत्परता से समय रहते सामान सुरक्षित वापस मिलने से पीड़ित परिवार को बड़ी राहत मिली। घटना ने वाराणसी पुलिस की सक्रियता और संवेदनशीलता को भी सामने लाया।



