इटावा। निवाड़ी कला तिराहे के पास देर रात चेकिंग के दौरान पुलिस और हिस्ट्रीशीटर के बीच मुठभेड़ हो गई। पुलिस टीम को देखकर बाइक सवार बदमाश ने फायरिंग कर भागने का प्रयास किया। पीछा करने पर दोबारा पुलिस पर गोली चलाने के बाद जवाबी कार्रवाई में बदमाश के बाएं पैर में गोली लग गई। पुलिस ने उसे घायल अवस्था में गिरफ्तार कर अस्पताल भेजा।
गिरफ्तार बदमाश की पहचान अंकित उर्फ फौजी पुत्र रामचन्द्र निवासी ब्रह्मनगर, थाना कोतवाली इटावा, उम्र 26 वर्ष के रूप में हुई है। पुलिस के मुताबिक अंकित थाना कोतवाली का हिस्ट्रीशीटर नंबर 293(A) है और उसके खिलाफ विभिन्न थानों में 13 मुकदमे दर्ज हैं।
पुलिस ने उसके कब्जे से 315 बोर का अवैध तमंचा, दो जिंदा कारतूस, दो खोखा कारतूस और चोरी की एक मोटरसाइकिल बरामद की है। पुलिस के अनुसार बाइक के संबंध में जांच की जा रही है। कार्रवाई थानाध्यक्ष बकेवर विपिन मलिक के नेतृत्व में पुलिस टीम ने की।



