
कसया, कुशीनगर। अंतराष्ट्रीय बुद्ध स्थली कुशीनगर स्थित मुख्य महा परिनिर्वाण मंदिर में बौद्ध भिक्षुओं और भिक्षुणियों ने नेपाल में आई बाढ़ की त्रासदी
में जान गंवाने वाले लोगों की आत्मा की शांति के लिए धम्म पाठ किया और घायलों के शीघ्र स्वस्थय होने की कामना की।
शनिवार को थाई भंते डॉ कितीनफान की अगुआई में भिक्षु मुख्य मंदिर पहुंचे और बुद्ध की लेटी प्रतिमा पर धम्म पाठ के बीच चीवर चढ़ाया और प्रतिमा के समक्ष बैठकर घंटों शांति पाठ किया और मृतकों को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की तथा तथागत से घायलों को शीघ्र स्वस्थय होने के लिए विनती की। भिक्षुओं ने कहा कि नेपाल में आई त्रासदी में बहुत नुकसान हुआ है और काफी जानमाल की क्षति हुई है। हम सभी प्रभावित परिवारों के साथ खड़े हैं। भगवान बुद्ध ने हमेशा करुणा और मैत्री की शिक्षा दी है। आज जरूरत है प्रभावितों के साथ जुड़कर सहयोग की। यही मानवता है।
इस दौरान फ्रा अचान जुट, फ्रा पविन, भिक्षु संघ के कोषाध्यक्ष भंते अशोक, भंते यशपाल, भंते उपाली, भंते सागर, भिक्षुणियां और उपासक ओम प्रकाश कुशवाहा, विवेक कुशवाहा, गौतम शर्मा आदि उपस्थित रहे।



