शिवपाल ने अखिलेश को खुद सौंपी लोहिया ट्रस्ट की कमान, 2027 में फिर मुख्यमंत्री बनाने का संकल्प

इटावा । समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय महासचिव शिवपाल सिंह यादव ने लोहिया ट्रस्ट के अध्यक्ष पद को लेकर चल रही अटकलों पर विराम लगाते हुए स्पष्ट किया है कि उन्होंने अपनी इच्छा से ट्रस्ट की कमान सपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव को सौंप दी है। उन्होंने कहा कि अब पुराने सभी गिले-शिकवे भुलाकर समाजवादी पार्टी को मजबूत करने की दिशा में काम किया जाएगा।

शिवपाल यादव ने अपने आवास पर दिए इंटरव्यू में बताया कि सपा संस्थापक एवं पूर्व मुख्यमंत्री मुलायम सिंह यादव द्वारा लखनऊ में स्थापित लोहिया ट्रस्ट के सभी सदस्यों की बैठक बुलाई गई थी। बैठक में सर्वसम्मति से अखिलेश यादव को ट्रस्ट का अध्यक्ष बनाए जाने का निर्णय लिया गया था । बैठक में अखिलेश यादव, शिवपाल सिंह यादव, दीपक मिश्रा, आदित्य यादव, राम नरेश यादव (इटावा), राम सेवक यादव, वीरपाल यादव (बरेली) और राजेश यादव सहित सभी आठ सदस्य मौजूद रहे और उन्होंने अखिलेश यादव के नाम पर सहमति जताई गई थी ।

उन्होंने कहा कि अब पुराने गिले-शिकवे और राजनीतिक अड़चनों को पीछे छोड़कर पार्टी को मजबूत करने के लिए आगे बढ़ना है। वर्ष 2027 के विधानसभा चुनाव को लक्ष्य बताते हुए शिवपाल यादव ने कहा कि इंडिया गठबंधन के सभी दलों को साथ लेकर जनता के मुद्दों पर चुनाव लड़ा जाएगा और भाजपा सरकार को सत्ता से हटाकर अखिलेश यादव को दोबारा उत्तर प्रदेश का मुख्यमंत्री बनाया जाएगा।

शिवपाल यादव ने पार्टी कार्यकर्ताओं और नेताओं से एकजुट होकर चुनाव की तैयारियों में जुटने की अपील की। उन्होंने भाजपा सरकार पर घोषणापत्र में किए गए वादे पूरे नहीं करने का आरोप लगाते हुए कहा कि 2027 में समाजवादी पार्टी की सरकार बनने पर पार्टी के घोषणापत्र में किए गए वादों को प्राथमिकता के आधार पर पूरा किया जाएगा।

उन्होंने कहा कि अखिलेश यादव के नेतृत्व में बनने वाली सरकार का पहला काम जनता से किए गए वादों को पूरा करना होगा। समाजवादी पार्टी अपने घोषणापत्र को केवल घोषणा तक सीमित नहीं रखेगी, बल्कि उसके वादों को धरातल पर लागू करने का काम करेगी।

शिवपाल यादव ने कहा कि समाजवादी पार्टी मुलायम सिंह यादव के सिद्धांतों और विचारों को आगे बढ़ाते हुए जनता के हितों को प्राथमिकता देगी।

गौरतलब है कि वर्ष 2017 में यादव परिवार में हुए राजनीतिक विवाद के बाद तत्कालीन सपा संरक्षक मुलायम सिंह यादव ने प्रोफेसर रामगोपाल यादव की जगह शिवपाल सिंह यादव को लोहिया ट्रस्ट की जिम्मेदारी सौंपी थी। इसके बाद से शिवपाल यादव ट्रस्ट की कमान संभाल रहे थे।

 

Related Articles

Back to top button