लखनऊ | उत्तर प्रदेश के उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने देश के यशस्वी प्रधानमंत्री एवं हम सभी के प्रेरणास्रोत आदरणीय श्री नरेंद्र मोदी जी को जन्मदिवस पर हार्दिक बधाई एवं शुभकामनाएं दी हैं।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि आज भगवान विश्वकर्मा जी की पावन जयंती भी है। यह अद्भुत संयोग है कि एक ओर हम सृष्टि के प्रथम शिल्पकार भगवान विश्वकर्मा जी की आराधना कर रहे हैं, वहीं दूसरी ओर नए भारत के निर्माता और आधुनिक भारत के शिल्पकार आदरणीय प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी का जन्मदिवस मना रहे हैं।
श्री मौर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के यशस्वी नेतृत्व, दूरदर्शिता और दृढ़ इच्छाशक्ति ने भारत की विकास यात्रा को नई गति और दिशा प्रदान की है। जम्मू-कश्मीर से अनुच्छेद-370 की समाप्ति, आतंकवाद के विरुद्ध निर्णायक कार्रवाई, नक्सलवाद के उन्मूलन की दिशा में प्रभावी प्रयास, ‘ऑपरेशन सिंदूर’ की सफलता तथा अयोध्या में सदियों की प्रतीक्षा के बाद भव्य प्रभु श्रीराम मंदिर के निर्माण जैसे महत्वपूर्ण पड़ाव देश के इतिहास में विशेष स्थान रखते हैं।
उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जी ने ‘सबका साथ, सबका विकास’ के मंत्र को जनकल्याण का आधार बनाते हुए गरीबों, वंचितों, किसानों, महिलाओं और युवाओं के जीवन में सकारात्मक बदलाव लाने का कार्य किया है। उनके नेतृत्व में भारत आज विश्व पटल पर एक सशक्त, सुरक्षित और आत्मविश्वासी राष्ट्र के रूप में अपनी नई पहचान स्थापित कर रहा है।
उप मुख्यमंत्री ने कहा कि सार्वजनिक जीवन में प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के 25 वर्षों के सेवाभाव और राष्ट्रसमर्पण की गौरवशाली यात्रा हम सभी के लिए प्रेरणा का स्रोत है। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जी के व्यक्तित्व की सबसे बड़ी विशेषताओं में उनकी संवेदनशीलता, सहजता और आत्मीयता है। इतने बड़े दायित्वों के बीच भी देशवासियों और कार्यकर्ताओं की भावनाओं को समझना तथा उनके सुख-दुख से जुड़ना उनके सच्चे प्रधानसेवक होने का प्रमाण है।
श्री मौर्य ने कहा कि प्रधानमंत्री जी के जन्मदिवस के अवसर पर आयोजित ‘सेवा संकल्प अभियान’ सेवा, समर्पण और जनकल्याण की भावना को आगे बढ़ाने का अवसर है। उन्होंने सभी से आह्वान किया कि देशहित और जनकल्याण को जीवन का संकल्प बनाकर विकसित भारत के निर्माण में अपना योगदान दें।
उप मुख्यमंत्री श्री केशव प्रसाद मौर्य ने मर्यादा पुरुषोत्तम प्रभु श्रीराम जी एवं बाबा विश्वनाथ जी से प्रधानमंत्री श्री नरेंद्र मोदी जी के उत्तम स्वास्थ्य, दीर्घायु और निरंतर राष्ट्रसेवा के लिए असीम ऊर्जा प्रदान करने की प्रार्थना की। उन्होंने कहा कि प्रधानमंत्री जी के नेतृत्व में विकसित भारत का संकल्प पूर्णता को प्राप्त करे और भारत निरंतर प्रगति एवं समृद्धि के पथ पर आगे बढ़े।



