नए CEO सत्यम मिश्र ने काशी विश्वनाथ धाम का किया गहन निरीक्षण

प्रवेश-निकास मार्ग, जिग-जैग दर्शन, कतार प्रबंधन, पेयजल और स्वच्छता व्यवस्था का लिया जायजा; श्रद्धालु सुविधाओं को बेहतर बनाने के निर्देश

वाराणसी । श्री काशी विश्वनाथ मंदिर न्यास एवं श्री काशी विश्वनाथ विशिष्ट क्षेत्र विकास परिषद के नव नियुक्त मुख्य कार्यपालक अधिकारी (CEO) सत्यम मिश्र ने मंगलवार को श्री काशी विश्वनाथ धाम का गहन निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने श्रद्धालुओं की सुविधा, सुरक्षा और सुगम दर्शन से जुड़ी व्यवस्थाओं का जायजा लिया।

निरीक्षण के दौरान CEO ने धाम के सभी प्रमुख प्रवेश एवं निकास मार्गों, जिग-जैग दर्शन व्यवस्था, कतार प्रबंधन और श्रद्धालुओं के आवागमन की व्यवस्थाओं को देखा। उन्होंने सुरक्षा व्यवस्था के साथ दर्शन प्रक्रिया की भी जानकारी ली और संबंधित अधिकारियों से व्यवस्थाओं की स्थिति पर चर्चा की।

सत्यम मिश्र ने धाम परिसर में शुद्ध पेयजल, स्वच्छता, विश्राम सहित अन्य श्रद्धालु सुविधाओं का भी निरीक्षण किया। उन्होंने वृद्ध एवं जरूरतमंद श्रद्धालुओं के लिए संचालित मुमुक्षु भवन की व्यवस्थाओं की जानकारी लेते हुए वहां उपलब्ध सुविधाओं का जायजा लिया।

उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों को निर्देश दिया कि श्रद्धालुओं के आवागमन और दर्शन व्यवस्था में किसी प्रकार की असुविधा न हो। प्रवेश मार्गों और जिग-जैग व्यवस्था में कतार प्रबंधन प्रभावी बनाए रखने के साथ पेयजल एवं स्वच्छता की व्यवस्था लगातार सुनिश्चित करने को कहा। धाम में संचालित सभी श्रद्धालु सुविधाओं की नियमित निगरानी के भी निर्देश दिए।

CEO सत्यम मिश्र ने कहा कि श्री काशी विश्वनाथ धाम आने वाले प्रत्येक श्रद्धालु को सुरक्षित, सुगम और सुविधाजनक दर्शन उपलब्ध कराना सर्वोच्च प्राथमिकता है। श्रद्धालुओं की आवश्यकताओं के अनुरूप धाम की व्यवस्थाओं का निरंतर निरीक्षण कर आवश्यक सुधार किए जाएंगे।

निरीक्षण के दौरान डिप्टी कलेक्टर शंभू शरण, उप जिलाधिकारी पवन प्रकाश पाठक सहित मंदिर न्यास एवं परिषद के अधिकारी-कर्मचारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button