वाराणसी में 202 एमओयू से ₹24,190 करोड़ के निवेश का प्रस्ताव

101 परियोजनाएं हुईं ऑपरेशनल, ₹5,284 करोड़ का निवेश धरातल पर; डीएम ने निवेशकों की समस्याओं के समयबद्ध निस्तारण के दिए निर्देश

वाराणसी। जिले में औद्योगिक विकास और निवेश को गति देने के लिए अब तक 202 एमओयू के माध्यम से ₹24,190.03 करोड़ के निवेश प्रस्ताव प्राप्त हुए हैं। इनमें से 101 परियोजनाएं पूरी तरह ऑपरेशनल हो चुकी हैं और ₹5,284.65 करोड़ का निवेश धरातल पर उतर चुका है। मंगलवार को कलेक्ट्रेट सभागार में जिलाधिकारी सत्येंद्र कुमार की अध्यक्षता में हुई जिला उद्योग बंधु समिति एवं एमओयू क्रियान्वयन इकाई की बैठक में इन परियोजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई।

जिलाधिकारी ने निवेशकों और उद्यमियों की समस्याओं को गंभीरता से सुनते हुए संबंधित विभागों के अधिकारियों को उनके समयबद्ध और प्रभावी निस्तारण के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि निवेशकों को अनावश्यक परेशानी न हो और विभिन्न विभागों के स्तर पर लंबित मामलों का शीघ्र समाधान सुनिश्चित किया जाए।

बैठक में औद्योगिक आस्थान चांदपुर की समस्याओं पर भी चर्चा हुई। जिलाधिकारी ने विद्युत बिल भुगतान तथा लोडिंग के लिए खड़े ट्रकों को हटाने के लिए एआरटीओ को पुलिस बल के साथ प्रवर्तन कार्रवाई करने के निर्देश दिए। औद्योगिक क्षेत्र में अवैध रूप से संचालित ठेले और खोमचे हटाने के लिए अपर नगर आयुक्त को कार्रवाई के निर्देश दिए गए।

डीएम ने औद्योगिक क्षेत्र में नियमित पुलिस गश्त सुनिश्चित कराने के साथ ही पोस्ट ऑफिस के जर्जर भवन को खाली कराने और प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र के निर्माण के लिए सीएमओ, लोक निर्माण विभाग भवन खंड के अधिशासी अभियंता तथा अपर नगर आयुक्त को स्थलीय निरीक्षण कर आवश्यक कार्रवाई करने को कहा।

उन्होंने निवेश मित्र पोर्टल पर लंबित प्रकरणों का तत्काल निस्तारण कराने के भी निर्देश दिए। साथ ही उपायुक्त उद्योग को जिले में नई औद्योगिक इकाइयों की स्थापना पर जिला प्रशासन की ओर से उपलब्ध सुविधाओं, अनुदानों और प्रोत्साहन योजनाओं का व्यापक प्रचार-प्रसार कराने को कहा।

जिलाधिकारी ने उद्यमियों और निवेशकों से अपील की कि जिले में उद्योग स्थापना के लिए अनुकूल वातावरण, प्रशासनिक सहयोग, त्वरित स्वीकृतियां और विभिन्न प्रोत्साहन योजनाएं उपलब्ध हैं। इच्छुक निवेशक आगे आएं, जिला प्रशासन हर स्तर पर सहयोग के लिए तत्पर है।

बैठक में सीडीओ प्रखर कुमार सिंह, एडीएम प्रशासन राजेश कुमार, उपायुक्त उद्योग सहित संबंधित विभागों के अधिकारी मौजूद रहे।

Related Articles

Back to top button