
उत्तर प्रदेश के मुजफ्फरनगर में एक दर्दनाक सड़क हादसे में छह लोगों की मौत हो गई। हादसा पानीपत-खटीमा रोड पर जगहेड़ी ओवरब्रिज के पास हुआ, जहां तेज रफ्तार कार पहले डिवाइडर से टकराई और फिर बिजली के खंभे से जा भिड़ी। टक्कर के बाद कार में आग लग गई, जिससे उसमें सवार छह लोगों की जान चली गई।
हादसे की सूचना मिलते ही पहुंची पुलिस और दमकल टीम
पुलिस के मुताबिक, हादसे की जानकारी मिलते ही तितावी पुलिस, दमकल विभाग और अन्य पुलिसकर्मी मौके पर पहुंचे। काफी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। मुजफ्फरनगर ग्रामीण के एसपी अक्षय संजय महाडिक ने बताया कि कार में सवार सभी छह लोग आग की चपेट में आकर झुलस गए थे। उन्हें तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी मौत हो गई।
हरियाणा के हिसार के रहने वाले थे सभी मृतक
पुलिस के अनुसार, कार में सवार सभी छह लोग हरियाणा के हिसार के रहने वाले थे। फिलहाल मृतकों की पहचान करने और उनके परिजनों से संपर्क करने की कोशिश की जा रही है। पुलिस ने मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है।



